
अमित शाह ने दिल्ली कार धमाके पर बुलाई हाई-लेवल मीटिंग, सभी सुरक्षा एजेंसियों के चीफ पहुंचे
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार शाम दिल्ली में लाल किले के पास हुंडई i20 कार में हुए जानलेवा ब्लास्ट के बाद हालात का जायजा लेने के लिए आज अपने आवास पर एक हाई लेवल सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग बुलाई है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार शाम दिल्ली में लाल किले के पास हुंडई i20 कार में हुए जानलेवा ब्लास्ट के बाद हालात का जायजा लेने के लिए आज अपने आवास पर एक हाई लेवल सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग बुलाई है। गृह सचिव गोविंद मोहन, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) चीफ तपन डेका, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) के डायरेक्टर जनरल सदानंद वसंत डेट और दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए पहुंच गए हैं। इसके साथ ही जम्मू और कश्मीर के डीजीपी नलिन प्रभात भी वर्चुअली इस मीटिंग में शामिल होंगे। सोमवार शाम को हुए इस ब्लास्ट में 8 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।

गृहमंत्री की यह रिव्यू मीटिंग राजधानी दिल्ली में बढ़ी हुई सुरक्षा चिंताओं के बीच हो रही है। दिल्ली पुलिस समेत कई सुरक्षा एजेंसियां लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट 1 और 4 के बीच एक ट्रैफिक सिग्नल के पास शाम 7 बजे के आसपास एक कार में हुए धमाके की जांच कर रही हैं।
शाह ने धमाके के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर और इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर से बात की थी और NIA, NSG, FSL और दिल्ली पुलिस को शामिल करते हुए एक कोऑर्डिनेटेड मल्टी-एजेंसी जांच के निर्देश दिए। सभी एजेंसियों को धमाके की प्रकृति और कारण की पूरी जांच करने और जल्द से जल्द एक विस्तृत रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है।
इस बीच, दिल्ली पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट की भी जांच कर रही है, जिसमें सोमवार शाम को लाल किले के पास हुए इस हाई-इंटेंसिटी धमाके में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का हाथ होने का दावा किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की पुलिस की शुरुआती जांच से पता चलता है कि i20 कार का कनेक्शन जम्मू और कश्मीर के पुलवामा से है। सूत्रों ने आगे बताया कि जिस कार में धमाका हुआ उसे कथित तौर पर पुलवामा के एक व्यक्ति ने खरीदा था।
कार की सीसीटीवी फुटेज मिली
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं जिसमें संदिग्ध कार लाल किले के पास पार्किंग एरिया में अंदर जाते और बाहर निकलते हुए दिख रही है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, फुटेज से पता चलता है कि उस समय संदिग्ध अकेला था। लाल किले के बाहर हुए तेज धमाके के बाद दिल्ली पुलिस की टीमों ने पहाड़गंज, दरियागंज और आसपास के इलाकों के होटलों में रात भर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। छापेमारी के दौरान सभी होटल रजिस्टरों की अच्छी तरह से जांच की गई। इस सर्च ऑपरेशन के दौरान 4 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। सोमवार शाम को लाल किले के बाहर हुए तेज धमाके में कम से कम 8 लोग मारे गए और कई घायल हो गए।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, लगभग 200 पुलिसकर्मियों द्वारा विभिन्न रूटों पर कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई है। इसमें बदरपुर बॉर्डर से लेकर लाल किले की सुनहरी मस्जिद के पार्किंग एरिया तक साथ ही आउटर रिंग रोड से कश्मीरी गेट-लाल किला रूट तक के फुटेज शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस ने इस धमाके के सिलसिले में यूएपीए, विस्फोटक एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।





