शाह ने ABVP की जीत को राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश बताया; DUSU फतह पर बाकी भाजपा नेता और क्या बोले

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

डूसू चुनाव में ABVP के यश डबास छात्र संघ अध्यक्ष चुने गए। यह जीत ऐसे समय में मिली है, जब हाल के महीनों में जंतर-मंतर पर 'जेन-जी' के विरोध-प्रदर्शन और सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना को लेकर युवाओं में काफी हलचल थी। पीजी हादसे में तो डीयू के पांच छात्रों की मौत हो गई थी।

शाह ने ABVP की जीत को राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश बताया; बाकी भाजपा नेता और क्या बोले
शाह ने ABVP की जीत को राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश बताया (PTI Photo/Rushikesh More)(PTI09_19_2026_000557B)

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अध्यक्ष समेत तीन प्रमुख पदों पर जीत दर्ज करते हुए हैट्रिक लगाई, जबकि उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार ने बाजी मार ली। शनिवार को आए इन नतीजों के दौरान ABVP ने अध्यक्ष पद के अलावा सचिव और संयुक्त सचिव के पद को भी अपने खाते में किया। इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए ABVP और NSUI में कांटे की टक्कर देखी गई। हालांकि जीत विद्यार्थी परिषद की ही हुई। उधर डूसू चुनावों में ABVP को मिली इस जीत को लेकर भाजपा के प्रमुख नेताओं ने भी इस पर खुशी जताई है और इसे विरोधियों को युवाओं का जवाब बताया है।

इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इन चुनावों में जीत दर्ज करने वाले ABVP के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को अपने राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहती हैं।

'सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को बधाई'

शाह ने जीत दर्ज करने वाले अभाविप के प्रत्याशियों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'डूसू चुनाव में ABVP की शानदार जीत पर परिषद के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह जीत युवाओं के परिषद की 'राष्ट्र प्रथम' विचारधारा और छात्र हित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता में अटूट विश्वास को दर्शाती है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस जीत से परिषद के कार्यकर्ता नई ऊर्जा प्राप्त कर स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलते हुए छात्र हितों और राष्ट्र निर्माण के कार्य को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।'

‘राष्ट्रविरोधी ताकतों को स्पष्ट संदेश’

केंद्रीय गृहमंत्री ने आगे कहा 'दिल्ली विश्वविद्यालय केवल एक विश्वविद्यालय नहीं है, यहां देश के हर कोने से विद्यार्थी यहां पढ़ने आते हैं। यहां मिला जनादेश पूरे भारत के युवाओं की भावनाओं का प्रतिबिंब है। आज ABVP को मिली शानदार जीत उन राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को अपने राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहते हैं। देश के युवा आज 'राष्ट्र प्रथम' की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े हैं और यही इस जनादेश का सबसे बड़ा संदेश है।'

नितिन नबीन बोले- राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित

उधर ABVP को मिली इस शानदार सफलता पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा, 'दिल्ली यूनिवर्सिटी में DUSU चुनावों में ABVP की ऐतिहासिक जीत पर मेरे सभी युवा दोस्तों को बधाई। यह जीत 'राष्ट्र प्रथम' की भावना पर आधारित सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर विश्वास और 'विकसित भारत' के विजन में योगदान देने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। जीतने वाले उम्मीदवारों और इस जीत को संभव बनाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।'

रेखा गुप्ता ने इसे ज्ञान, शील और एकता की जीत बताया

उधर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डूसू चुनाव में ABVP की जीत को ज्ञान, शील और एकता की जीत बताया। उन्होंने उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा, 'दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में ABVP की शानदार विजय पर सभी युवा साथियों को हार्दिक बधाई। अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह की जीत ‘ज्ञान, शील और एकता’ तथा राष्ट्र प्रथम के संस्कारों में युवा विश्वास की जीत है।'

आगे उन्होंने कहा, 'दिल्ली विश्वविद्यालय और DUSU से मेरा जुड़ाव बेहद आत्मीय है। इसी परिसर ने छात्र जीवन से लेकर DUSU अध्यक्ष के दायित्व तक मेरी यात्रा को आकार दिया। इसलिए आज की यह ऐतिहासिक विजय मेरे लिए विशेष प्रसन्नता का क्षण है। युवाओं का यह प्रचंड समर्थन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प पर उनके अटूट विश्वास की मुहर है। सभी विजयी प्रत्याशियों को उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।'

गडकरी ने भी दी कार्यकर्ताओं को बधाई

उधर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा, 'डूसू चुनाव में ABVP की ऐतिहासिक और शानदार जीत पर परिषद के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ा और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह को इस गौरवपूर्ण जीत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं।'

गडकरी बोले- युवा साथी अग्रणी भूमिका निभाएंगे

उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा विश्वास है कि परिषद के ये युवा साथी 'विकसित भारत' के संकल्प को पूरा करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे। नवनिर्वाचित टीम छात्र कल्याण और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में नये मानदंड स्थापित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करती रहेगी और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए समर्पित रहेगी। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं।

NSUI ने लगाया मतगणना में धांधली का आरोप

इन चुनावों के दौरान अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले के बाद विद्यार्थी परिषद के उम्मीदवार को जीत मिली। जिसके बाद NSUI ने मतगणना में धांधली का आरोप लगाते हुए ABVP की जीत को बोगस वोटिंग का परिणाम बताया। इस बारे में NSUI की यूपी इकाई के उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘4 बजे तक NSUI के अध्यक्ष पद के जो उम्मीदवार हैं विजय मीणा वो चुनाव जीत रहे थे, लेकिन इसी बीच दिल्ली विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर वहां पहुंचे जहां काउंटिंग हो रही थी और उन्होंने पूरी तरह से सत्ता का दुरुपयोग करते हुए मतगणना को रुकवाया।’

तीन पदों पर हार स्वीकारी, अध्यक्ष पद को लेकर भड़की

आगे उन्होंने कहा, 'इस दौरान आधे घंटे तक मतगणना रुकी रही और उसके बाद विद्यार्थी परिषद के लोग जीत गए। तो कहीं ना कहीं पूरी भारतीय जनता पार्टी और RSS दिल्ली विश्वविद्यालय में लगी हुई थी, लेकिन अध्यक्ष पद के हमारे उम्मीदवार ने पूरी मजबूती से चुनाव लड़ा और बाकी जो कैंडिडेट थे, वो कहीं ना कहीं हमारी हार हुई है, उसको हम स्वीकार करते हैं।'

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsयह जीत राष्ट्रविरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश;डूसू में ABVP की फतह पर अमित शाह