LPG कमी की अफवाह फैलाकर लोगों को चूना लगा रहे साइबर ठग; पुलिस ने वीडियो शेयर कर बताया तरीका
लोगों को सावधान करते हुए अधिकारी ने आगे बताया कि साइबर ठग LPG कमी की अफवाहों का इस्तेमाल चारे के तौर पर कर रहे हैं। इसलिए किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें।

मध्य पूर्व में जारी युद्ध के असर से देश में LPG गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है, और सिलेंडर पाने के लिए लोग काफी मशक्कत करते देखे जा रहे हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए बताया है कि इस आपदा में अवसर देखते हुए साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं, जो कि LPG सिलेंडर बुकिंग के नाम पर फर्जी लिंक भेजकर लोगों से ठगी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि ये जालसाज सिलेंडर बुकिंग के लिए लोगों की घबराहट का फायदा उठा रहे हैं और सिलेंडर की किल्लत का डर दिखाकर उनकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरूक करने के लिए दिल्ली पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बारे में एक वीडियो भी शेयर किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की अपनी पोस्ट में पुलिस ने बताया कि LPG सिलेंडरों की कमी को लेकर फैलाई जा रही अफवाह, साइबर ठगों द्वारा बुना गया एक झांसा है, इसलिए किसी भी तरह के अनजान लिंक पर क्लिक न करें और इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस एडवाइजरी के साथ पुलिस ने एक छोटा जागरूकता वीडियो भी जारी किया है, जिसमें समझाया गया है कि जालसाज किस तरह ग्राहकों के गैस सिलेंडर की कमी होने का डर दिखाकर घबराहट पैदा करते हैं और फिर गैस बुकिंग या सप्लाई के नाम पर लोगों को अपने द्वारा भेजी गई संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने को कहते हैं, साथ ही बैंक डिटेल्स भरने को भी कहते हैं।
गैंस एजेंसी कर्मचारी बनकर फोन करते हैं ठग
वीडियो में आगे एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आरोपियों द्वारा अपनाया जाने वाला तरीका बताते हुए कहते हैं कि ठग अक्सर गैस एजेंसी का कर्मचारी बनकर फोन करते हैं और दावा करते हैं कि सिलेंडर की बुकिंग करने के लिए तुरंत वेरिफिकेशन या रजिस्ट्रेशन जरूरी है। इसके बाद वे उस ग्राहक को धोखाधड़ी वाले लिंक भेजकर उसे खोलने को कहते हैं। साथ ही उन्हें '.apk' फाइलें डाउनलोड करने को कहा जाता है, जो वास्तव में खतरनाक वायरस (मालवेयर) होते हैं।
'LPG कमी की अफवाहों को चारे की तरह कर रहे इस्तेमाल'
लोगों को सावधान करते हुए अधिकारी ने आगे बताया कि साइबर ठग LPG कमी की अफवाहों का इस्तेमाल चारे के तौर पर कर रहे हैं। इसलिए किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें। पुलिस ने चेतावनी देते हुए लोगों से खासतौर पर .apk एक्सटेंशन वाली फाइलों को ना तो खोलने और ना ही डाउनलोड करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि ये फाइलें मोबाइल में इंस्टॉल होते ही फोन में नुकसान पहुंचाने वाले एप इंस्टॉल कर देती हैं, जिसके बाद वे आपका बैंकिंग विवरण, पासवर्ड और ओटीपी जैसे संवेदनशील डेटा चुराकर साइबर ठगों तक पहुंचा देती हैं, जिससे जालसाज आपके खाते से पैसे गायब कर सकते हैं।
पुलिस ने लोगों से कहा घबराएं नहीं
दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे गैस बुकिंग के लिए घबराएं नहीं और किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल गैस एजेंसी के आधिकारिक माध्यमों से ही करें। साथ ही पुलिस ने अनजान नंबरों से फोन करने वाले कॉलर्स के साथ अपनी निजी या वित्तीय जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी है। दिल्ली पुलिस ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि वे सतर्क रहें और साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को रोकने के लिए किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज की सूचना तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन या अपने नज़दीकी पुलिस स्टेशन में दें।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


