दिल्ली समेत कई जगह ‘26-26’ आतंकी हमलों का अलर्ट, पुलिस ने जारी किए आतंकियों के पोस्टर

Jan 21, 2026 03:37 pm ISTSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

इस साजिश की भनक मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन AQIS के छह आतंकवादियों के फोटो वाला एक वॉन्टेड पोस्टर जारी किया है, जिसमें दिल्ली की नूरानी मस्जिद में रहने वाले मोहम्मद रेहान की तस्वीर भी दिखाई गई है।

दिल्ली समेत कई जगह ‘26-26’ आतंकी हमलों का अलर्ट, पुलिस ने जारी किए आतंकियों के पोस्टर

गणतंत्र दिवस के करीब आते ही देश में एकबार फिर आतंकी हमलों का खतरा मंडरा रहा है। दरअसल भारत में सक्रिय आतंकवादी संगठन 26 जनवरी से पहले देश में किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने की फिराक में है। इस बात का खुलासा खुफिया एजेंसियों को मिले विभिन्न इनपुट्स के आधार पर हुआ है। जिसके बाद पूरे देश में खासकर राष्ट्रीय राजधानी और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस अलर्ट में अयोध्या के राम मंदिर को भी संभावित निशाना बताया गया है। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन AQIS (अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट) के कुछ संदिग्ध आतंकवादियों के पोस्टर भी जारी किए हैं।

ISI ने JeM के साथ मिलकर रची साजिश

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट में इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को मिले विभिन्न खुफिया इनपुट्स से पता चला है कि पाकिस्तान की ISI (इंटर-सर्विसेस इंटेलिजेंस) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के साथ मिलकर गणतंत्र दिवस से पहले भारत में बड़े हमले करने की एक संदिग्ध साजिश रची है और इसका कोड-नेम '26-26' रखा गया है। जो कि 26 जनवरी की ओर इशारा करता है। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं, और ऐसी किसी भी हरकत को रोकने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही हैं।

छह वॉन्टेड AQIS आतंकियों का पोस्टर जारी

उधर इस साजिश की भनक मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने आतंकी संगठन AQIS (भारतीय उपमहाद्वीप में अल-कायदा) के छह आतंकवादियों के फोटो वाला एक वॉन्टेड पोस्टर जारी किया है, जिसमें दिल्ली के चौहान बांगर की नूरानी मस्जिद में रहने वाले मोहम्मद रेहान की तस्वीर भी दिखाई गई है। उसके अलावा इस पोस्टर में यूपी में संभल के रहने वाले मोहम्मद शरजील अख्तर, झारखंड के चतरा के रहने वाले अबू सूफियान, सैयद मोहम्मद अर्शियान, मोहम्मद शाहिद फैजल और मोहम्मद उमर की तस्वीर भी शामिल है। इनमें से शाहिद फैसल का नाम भी शामिल है, जिसे बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट सहित दक्षिण भारत में कई बम धमाकों का मास्टरमाइंड बताया गया है।

दिल्ली पुलिस ने जारी किए आतंकियों की तलाश वाले पोस्टर्स

यह है आतंकियों का मकसद

सुरक्षा एजेंसियों को मिले खुफिया इनपुट्स में चेतावनी दी गई है कि आतंकी समूह राष्ट्रीय समारोहों को बाधित करने और देश में दहशत फैलाने के मकसद से गणतंत्र दिवस से पहले देश के कई हिस्सों में एक साथ हमले करने की योजना बना रहे हैं। इस साजिश के केंद्र में जैश-ए-मोहम्मद को माना जा रहा है, और प्राप्त इनपुट्स कश्मीर में एक बड़े हमले की योजना की ओर इशारा कर रहे हैं।

हमलों का खतरा देख देशभर में बढ़ाई गई सुरक्षा

देश की आंतरिक सुरक्षा से जुड़े इन खुफिया इनपुट्स के मिलने के बाद फिलहाल दिल्ली और देश के अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा काफी बढ़ा दी गई है। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां ​​जैश-ए-मोहम्मद और पंजाब के गैंगस्टरों के बीच संभावित संबंधों की भी जांच कर रही हैं, एजेंसियों द्वारा इनके बीच लॉजिस्टिकल सपोर्ट और हमले को अंजाम देने में शामिल एक बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। साथ ही '26-26' साजिश से जुड़े किसी भी खतरे को खत्म करने के लिए एजेंसियों द्वारा राज्यों के साथ सभी खुफिया जानकारियां साझा की जा रही हैं और तालमेल बढ़ाते हुए काम किया जा रहा है।

जो खुफिया जानकारियां मिली हैं, उनमें सोशल मीडिया व अन्य प्लेटफॉर्म्स के जरिए फैलाए जा रहे ऑनलाइन कट्टरपंथ को एक बड़ी चुनौती और खतरा बताया गया है और इनकी वजह से आने वाले समय में बड़ी परेशानियां खड़ा होने की ओर इशारा किया गया है। जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां ​​सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी नज़र रख रही हैं।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें