
जुमे की नमाज को लेकर तुर्कमान गेट इलाके में हाई अलर्ट, दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हुई पत्थरबाजी के बाद जुमे की नमाज को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। शुक्रवार को दोपहर तक तुर्कमान गेट और आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हुई पत्थरबाजी के बाद जुमे की नमाज को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। शुक्रवार को दोपहर तक तुर्कमान गेट और आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
पुलिस ने अमन कमेटी और स्थानीय लोगों से अपील की है कि नमाज घरों में अदा करें और मस्जिद की ओर भीड़ न जुटे। इनपुट है कि नमाज के बाद नारेबाजी या प्रदर्शन हो सकता है। इसे देखते हुए अतिरिक्त बल, रिजर्व बटालियन और अर्धसैनिक जवान तैनात किए गए हैं।
सीसीटीवी कंट्रोल रूम से इलाके की निगरानी
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी है। सीसीटीवी कंट्रोल रूम से इलाके की निगरानी की जा रही है। इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है। एहतियातन गुरुवार सुबह भी रामलीला मैदान से तुर्कमान गेट जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद था। पुलिस की अलग-अलग टीमें तैनात हैं और दंगा नियंत्रण वाहन हर संदिग्ध पर नजर रख रहे हैं। हालांकि इलाके में शांति है, माहौल अभी भी तनावपूर्ण है।
हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर
तुर्कमान गेट के आसपास हर कोने पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। मॉनिटरिंग के लिए इलाके में मोबाइल पुलिस स्टेशन यानी चलता-फिरता सीसीटीवी कंट्रोल रूम बनाया गया है। इस कंट्रोल रूम के जरिये दंगे वाले या भीड़भाड़ वाले इलाकों में हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
कोर्ट ने पांच आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाई
तुर्कमान गेट इलाके में पत्थरबाजी के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों की न्यायिक हिरासत 13 दिन के लिए बढ़ा दी है। तीस हजारी स्थित लिंक न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पूजा सुहाग की अदालत ने मोहम्मद कैफ, कासिफ, अरीब, अदनान और समीर को यह आदेश दिया। आरोपियों को एक दिन की न्यायिक हिरासत के बाद अदालत में पेश किया गया था। सभी की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होगी।





