
दिल्ली-NCR में बिगड़ेगा मौसम, भारी बारिश का अलर्ट, कल का भी अपडेट
संक्षेप: मौसम विभाग ने दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में कैसा रहेगा मौसम? लेटेस्ट अपडेट जानने के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट...
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। IMD की मानें तो एनसीआर के इलाकों में भी मौसम बिगड़ेगा। मौसम विभाग की ओर से खास तौर पर दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में अगले 3 घंटों के दौरान गरज चमक के साथ जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में इस हफ्ते फुहारों का दौर जारी रहेगा।

'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में अगले तीन घंटों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद भी रुक-रुक कर बारिश देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार; दिल्ली, दक्षिण हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और उत्तरी गुजरात के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। ताजा रडार इमेज में दिल्ली के पश्चिमी हिस्सों और हरियाणा के आसपास के जिलों में एक वेदर एक्टिविटी नजर आ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी बारिश देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने कल भी दिल्ली एनसीआर के अलग अलग हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। दोपहर या शाम के समय एक या दो बार हल्की बारिश या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 28 अगस्त को भी दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में मौसम कमोबेश ऐसा ही रहने का अनुमान है। इस दिन भी हल्ली बौछारें या फुहारें पड़ सकती हैं। इस दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। IMD ने 29 और 30 अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 29 और 30 अगस्त को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में छिटपुट बादलों की आवाजाही के बरकरार रहने का अनुमान जताया है। इन दोनों ही दिनों के दौरान दिल्ली एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती है। दिल्ली एनसीआर के कुछ हिस्सों में 31 अगस्त और पहली सितंबर को गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस हफ्ते हवा के भी साफ सुथरी बनी रहने की संभावना है।





