
अल-फलाह केस की आड़ में बड़ा फ्रॉड, फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस के नाम पर साइबर ठगी
अल-फलाह यूनिवर्सिटी में आतंकी तंत्र के खुलासे के बाद साइबर ठग फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस से कॉल करने का डर दिखाकर लोगों को ठग रहे हैं और डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर रुपयों की मांग कर रहे हैं, जिसके संबंध में पुलिस ने लोगों को सावधान रहने की एडवाइजरी जारी की है।
अल-फलहा यूनिवर्सिटी में सफेदपोश आतंकी तंत्र का खुलासा होने के बाद साइबर ठग लोगों को फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस से फोन करने का डर दिखाकर ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने बुधवार को इस मामले में एडवाइजरी जारी कर दी है।
पुलिस को लोगों से सूचना मिली है कि साइबरठग आतंकवादी गतिविधियों की जांच के संबंध में लोगों को फोन करके डरा रहे हैं कि उनकी आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्तता है। जांच के लिए पुलिस कमिश्नर ऑफिस फरीदाबाद में आने और डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर कहीं रुपयों की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि यह एक साइबर ठगों का लोगों को ठगने का नया तरीका है। लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस के नाम से फोन करते हैं और कहते हैं कि पकड़े गए आतंकवादियों की जांच के संबंध में आपको जांच के लिए बुलाया जा रहा है। वहीं, ठग लोगों डराने की कोशिश करते हैं, डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाते हैं ।
पुलिस कमिश्नर ऑफिस फोन पर व्यक्तिगत विवरण या बैंक खाते की जानकारी नहीं मांगता है। पुलिस या अन्य कोई भी जांच एजेंसी डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। अगर आपको लगता है कि फोन करने वाला व्यक्ति फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस से है, तो आप फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस के आधिकारिक नंबर 0129- 2438000, 2438555, 2437444 पर संपर्क करें और जानकारी की पुष्टि करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने व्यक्तिगत विवरण और बैंक खाते की जानकारी साझा न करें।





