अखिलेश, ममता से केजरीवाल तक, सोनम वांगचुक के लिए आगे आए कई नेता, कांग्रेस दूर
Sonam Wangchuk: जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के आंदोलन और सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं का समर्थन मिला है। वहीं, कांग्रेस की ओर से अब तक कोई सार्वजनिक समर्थन सामने नहीं आने पर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

Sonam Wangchuk: जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को कई विपक्षी नेताओं का समर्थन मिल रहा है। आंदोलन में शामिल पर्यावरण कार्यकर्ता और इंजीनियर सोनम वांगचुक कई दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। इस बीच तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं ने उनके समर्थन में खुलकर आवाज उठाई है। हालांकि, अब तक कांग्रेस की ओर से सोनम वांगचुक के समर्थन में कोई सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है।
ममता बनर्जी ने पूछा वांगचुक का हालचाल
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर बताया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोनम वांगचुक से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और आंदोलन के प्रति एकजुटता जताई। दीपके ने पोस्ट में लिखा कि वह ममता बनर्जी के समर्थन और चिंता के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं।
अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक से अनशन तोड़ने की अपील
इसी तरह अभिजीत दीपके ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का भी धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने सोनम वांगचुक के साथ खड़े होकर उस मुद्दे का समर्थन किया है। दरअसल, अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए लंबा ट्वीट किया था। उन्होंने इसमें लिखा था- “श्री सोनम वांगचुक जी से हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वो अपना अनशन तोड़ दें। उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है क्योंकि उसमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है जितनी की लोकतंत्र के लिए।”
केजरीवाल ने भी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की
वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन कई दिनों से जारी है और सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आंदोलन की मांगों का समर्थन करती है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। केजरीवाल ने सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील करते हुए कहा कि वह 16 जुलाई की शाम जंतर-मंतर पहुंचकर उन्हें अपना समर्थन देंगे।
सीजेपी ने कांग्रेस-भाजपा समेत कई दलों से की समर्थन की अपील
CJP ने बताया कि उसने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, उमर अब्दुल्ला, असदुद्दीन ओवैसी, चंद्रबाबू नायडू, चंद्रशेखर आजाद, विजय (TVK) समेत कई नेताओं को पत्र लिखकर आंदोलन के समर्थन की अपील की है।
संगठन के अनुसार, कई नेताओं और दलों ने आंदोलन का समर्थन किया है। आम आदमी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल, तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा और सागरिका घोष, शिवसेना (उद्धव) के नेता, माकपा के कई सांसद, अभिनेता प्रकाश राज, गायक काका और संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन की मांग?
20 जून से जंतर-मंतर पर चल रहे इस आंदोलन में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने, पेपर लीक मामलों की जवाबदेही तय करने और कथित तौर पर भर्ती एवं परीक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के कारण आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की जा रही है। सोनम वांगचुक इसी आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
हालांकि, आंदोलन को लेकर कई विपक्षी नेताओं के समर्थन के बावजूद कांग्रेस की ओर से अब तक सोनम वांगचुक के समर्थन में कोई सार्वजनिक बयान या जंतर-मंतर पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है, जिसको लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।


