अजीत भारती को SC/ST एक्ट मामले में झटका, अग्रिम जमानत याचिका खारिज
यूट्यूबर अजीत भारती को SC/ST एक्ट यानी अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम मामले में तगड़ा झटका लगा है। दिल्ली की एक अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।

कयूट्यूबर अजीत भारती को SC/ST एक्ट मामले में तगड़ा झटका लगा है। दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। पिछले महीने 23 अगस्त को अजीत भारती के खिलाफ दिल्ली के नॉर्थ एवेन्यू पुलिस स्टेशन में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम यानी SC/ST एक्ट के साथ आईटी एक्ट की धारा 67 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(c) और 351(3) के तहत FIR दर्ज की गई थी।
आजाद समाज पार्टी के नेता ने दर्ज कराई थी शिकायत
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एएसजे) सौरभ प्रताप सिंह लालेर की अदालत ने उक्त आदेश दिया। फैसले का विस्तृत कॉपी अभी नहीं उपलब्ध हो पाई है। बता दें कि अजीत भारती के खिलाफ आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बालकराम बौद्ध की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी।
क्या आरोप?
यह शिकायत अजीत भारती के सोशल मीडिया हैंडल पर पब्लिश एक वीडियो को लेकर डाली गई थी। इसका शीर्षक ‘SB79: रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन नौटंकी एंड मोर- साप्ताहिक बैकेती’ था। शिकायतकर्ता ने अजीत भारती पर जाति-आधारित अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप था कि अजीत भारती ने जाति-आधारित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ और बीआर अंबेडकर के बारे में आपत्तिजनक बातें कहीं। साथ ही उन पर यह भी आरोप लगाया गया था कि भारती ने महिलाओं के बारे में यौन रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और धमकियां दीं।
बहन के बारे में अपमानजनक टिप्पणी पर दी थी प्रतिक्रिया
हालांकि, अजीत भारती का कहना था कि वीडियो पर उनकी बहन के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणी के कारण उनकी ओर से प्रतिक्रिया दी गई थी। अजीत भारती की ओर से वकीलों ने अपनी दलीलों में कहा था कि अजीत भारती की ओर से उक्त प्रतिक्रियाएं शख्स की गंभीर उकसावे वाली टिप्पणी के जवाब में कही गई थीं।
इस बात पर दी थी प्रतिक्रिया: भारती के वकीलों की दलील
अजीत भारती के वकीलों का दावा था कि उक्त शख्स की ओर से कहा गया था कि भारती की शादीशुदा बहन को किसी दूसरे व्यक्ति (चंद्रशेखर आजाद) से शादी कर लेनी चाहिए। अजीत भारती ने कहा था कि जब किसी ने कहा कि मेरी शादीशुदा बहन को किसी और से शादी कर लेनी चाहिए तो मैंने प्रतिक्रिया दी क्योंकि यह उकसाने वाली बात थी।
जाति या समुदाय के खिलाफ कोई अपशब्द नहीं कहा
अजीत भारती के वकीलों की ओर से कहा गया कि उनके मुवक्किल की ओर से किसी जाति या समुदाय के खिलाफ कोई अपशब्द नहीं कहा गया था। उनकी बहन के बारे में जिनसे गलत टिप्पणियां कीं उसके जवाब में प्रतिक्रिया स्वरूप उक्त बातें कही गई थीं।
बाबासाहेब के बारे में नहीं की थी अपमानजन टिप्पणी
अजीत भारती के वकीलों की ओर से बाबासाहेब डॉ. अंबेडकर के बारे में अपमानकारक टिप्पणी करने के आरोप भी खारिज कर दिए गए थे। उनकी ओर से कहा गया कि अजीत भारती का कहना केवल यह था बाबा साहेब के अनुयायियों को ऐसे नफरत फैलाने वाले बयान नहीं देने चाहिए। अजीत भारती की ओर से यह भी कहा गया था कि उन पर एससी/एसटी एक्ट के तहत कोई अपराध बनता ही नहीं है।

