गुरुग्राम में खौफनाक मजाक: दोस्त ने प्राइवेट पार्ट में एयर कंप्रेसर से भर दी हवा, आंतें फटने से मौत
Gurugram News : गुरुग्राम की एक वर्कशॉप में मजाक-मजाक में हुए विवाद के बाद एक युवक ने अपने सहकर्मी के शरीर में एयर कंप्रेसर से हवा भर दी। हवा के दबाव से पीड़ित की आंतें फट गईं और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Gurugram News : गुरुग्राम के रामपुरा क्षेत्र की एक वर्कशॉप में दो दोस्तों के बीच हंसी-मजाक के बाद कहासुनी हो गई। इससे गुस्साए एक सहकर्मी ने तैश में आकर दूसरे के शरीर में एयर कंप्रेसर से हवा भर दी। इससे पीड़ित की पेट की आंतें फट गईं, उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया। अस्पताल में कई घंटे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक 38 वर्षीय हरविंदर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के शाहगढ़ गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर खेड़की दौला थाने में हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
रामपुरा गांव स्थित तरुण एंटरप्राइजेज वर्कशॉप में मंगलवार दोपहर 1:30 बजे मूलरूप से राजस्थान के डीग निवासी 40 वर्षीय नरेश और हरविंदर दोनों आपस में मजाक कर रहे थे, तभी नरेश ने तैश में आकर कंप्रेसर से हरविंदर के प्राइवेट पार्ट में हवा भर दी। कुछ ही देर में हरविंदर का पेट फूलने लगा और एक दम से पेट फट गया और आंतें बाहर आ गईं। गंभीर हालत में हरविंदर को पास के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर मंगलवार देर शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पांच बच्चों के सिर से छीना पिता का साया
हरविंदर गुरुग्राम में बीते 8 सालों से वेल्डर के तौर पर काम कर रहा था। हरविंदर के पांच बच्चे है। इनमें चार लड़कियां और एक सबसे छोटा बेटा है। हरविंदर के बच्चे गांव में ही दादा के पास रहते है। बच्चों के दादा गांव में ही मजदूरी का काम करते हैं। हरविंदर की हत्या होने की सूचना से परिवार में हर कोई गमगीन है।
जेसीबी चलाता है आरोपी
नरेश कुमार जेसीबी ड्राइवर है, जबकि मृतक हरविंदर कंपनी मे वेल्डर का काम करता था। परिवार के साथ वह गुरुग्राम में रह रहा था। आरोपी और हरविंदर काफी दिनों से साथ में काम कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाकर शव बुधवार को परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर दीपक माथुर ने बताया कि हवा के प्रेशर से आंतें फट गई थीं।
रंजिश को लेकर भी जांच
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह केवल एक तात्कालिक विवाद था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी छिपी हुई थी। पुलिस आरोपी से मामले की पूछताछ करेगी।
एयर कंप्रेसर के उपयोग में सावधानी बरतनी जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि औद्योगिक एयर कंप्रेसर का दबाव इतना अधिक होता है कि वह चमड़ी को फाड़ सकता है। इसे शरीर के किसी छिद्र पर लगाया जाए, तो यह हवा बम की तरह काम करती है और सेकेंडों में आंतरिक अंगों को नष्ट कर देती है। कार्यस्थलों पर अक्सर श्रमिक ऐसे खतरनाक मजाक करते हैं, जिन्हें रोकने के लिए कड़े प्रशिक्षण और निगरानी की जरूरत है।
घटना से परिवार में मातम पसरा
वर्कशॉप में मजाक के बाद कहासुनी होने पर हुई हरविंदर की हत्या के बाद से अन्य कर्मचारी भी सहमे हुए हैं। वहीं, बुधवार को जब शव परिजनों को सौंपा गया तो परिवार में मातम पसर गया। परिजन शव अलीगढ़ लेकर गए। परिवार के सदस्यों का कहना है कि हरविंदर काफी मिलनसार था। वह अपने काम से काम रखता था। परिजनों को यह यकीन नहीं हो रहा है कि हरविंदर अब इस दुनिया में नहीं है। उन्होंने पुलिस ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।


