काम की बात: दिल्ली में AI निपटेगा ट्रैफिक जाम से, ITMS को केंद्र सरकार की मंजूरी; सुरक्षित होगी यात्रा
दिल्ली की ट्रैफिक को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संभालने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्र सरकार ने इसके लिए रोडमैप तैयार कर लिया है। सरकार दिल्ली में रियल टाइम ट्रैफिक मैनजमेंट प्रणाली लागू कर रही है। इससे न सिर्फ यातायात सुगम बनेगा बल्कि सड़क पर होने वाले अपराधों पर भी लगाम लगेगी।

दिल्ली को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए सरकार ने नया रोडमैप तैयार किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने बुधवार को इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी। इसके तहत एआई और रियल टाइम डाटा की मदद से राजधानी के 42 प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर को स्मार्ट बनाया जाएगा। एआई युक्त सीसीटीवी कैमरे और रेडलाइट की मदद से यातायात सुगम बनेगा और तकनीक से अपराधों पर भी लगाम लगेगी।
दरअसल, सरकार वन नेटवर्क, स्मार्टर ट्रैफिक के तहत दिल्ली में रियल टाइम ट्रैफिक मैनजमेंट प्रणाली लागू कर रही है। रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि कैबिनेट ने 1,789.52 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है। यह परियोजना 24 महीनों में तीन चरणों में पूरी की जाएगी। इसके बाद पांच वर्षों तक इसका रखरखाव और संचालन किया जाएगा। इस परियोजना में 1,092 एडैप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (एटीसीएस) और 1,029 ऑटोमेटेड एनफोर्समेंट लोकेशन शामिल हैं।
अपराध पर भी रखेगा नजर
राजधानी में जाम व यातायात नियमों के उल्लंघन की बढ़ती समस्या को दूर करने के साथ इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) कई मायनों में फायदेमंद होगा। यह पूरी तरह से एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग पर आधारित प्रणाली होगी, जो दिल्ली की सड़कों को एक डिजिटल ‘ब्रेन’ प्रदान करेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि अपने देश में बेंगलुरू में इसका उपयोग हो रहा है। वहां का अध्ययन प्रस्ताव में शामिल किया गया था।
सर्दी और कोहरे में कारगर साबित होगा
सर्दी में कोहरे से मौजूदा ट्रैफिक कैमरों में साफ तस्वीर नहीं आ पाती। इस कमी को दूर करने के लिए आईटीएमएस में थर्मल कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे घने कोहरे में भी वाहनों की आवाजाही को स्पष्ट रूप से कैद करेंगे, जिससे ट्रैफिक मॉनिटरिंग बेहतर होगी और उल्लंघनकर्ताओं पर कार्रवाई में मदद मिलेगी। इसके साथ ही सर्दी में होने वाले हादसों को रोकने में भी इनसे मदद मिलेगी। पुलिस इसकी मदद से यातायात दबाव का अंदाजा लगाकर ट्रैफिक प्लान भी बना सकेगी। इससे दिल्लीवालों को घंटों जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।
तीन चरणों में होगा लागू
● पहला: 5 कॉरिडोर, 250 एडेप्टिव ट्रैफिक सिग्नल जंक्शन और 271 प्रवर्तन बिंदु शामिल होंगे।
● दूसरा: 7 कॉरिडोर, 222 सिग्नल जंक्शन व 236 प्रवर्तन बिंदु जुड़ेंगे।
● तीसरा: 30 कॉरिडोर, 620 सिग्नल जंक्शन,522 प्रवर्तन स्थान पर लगेंगे।
लाइव ट्रैफिक अपडेट्स
इसे ट्रैफिक पुलिस अपने डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड (वेरिएबल मैसेज साइन) और मोबाइल ऐप्स जोड़ देगी। इसके माध्यम से सड़कों पर जाम, डायवर्जन और पार्किंग की उपलब्धता की रियल टाइम जानकारी मिलेगी। यह डेटा नेविगेशन सर्विस प्रोवाइडर्स के साथ साझा होगा। परियोजना का लाभ यह होगा कि आपातकालीन वाहनों जैसे एंबुलेंस और दमकल गाड़ियों को बिना रुके रास्ता देने के लिए सिस्टम खुद ‘ग्रीन कॉरिडोर’ तैयार कर देगा। सिस्टम में इसके लिए तैयार सॉफ्टवेयर में ऐसे वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था रहेगी। इस सिस्टम एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम (एटीसीएस) होगा। ये वास्तविक समय में वाहनों का दबाव भांपकर ट्रैफिक सिग्नल का संचालन करेगा। ट्रैफिक घनत्व के आधार पर सिग्नल का समय अपने आप तय होगा। ऐसे में चौराहों पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी।
सुरक्षित यात्रा और हाईटेक चालान
इसे वाहन पोर्टल और पुलिस के सिस्टम से जोड़ा जाएगा। एआई के जरिए वास्तविक समय में चोरी के वाहनों, ब्लैकलिस्टेड गाड़ियों और हिट-एंड-रन से जुड़े मामलों की पहचान चंद सेकंड में हो पाएगी। यह वाहन का रूट भी बताएंगा। इस सिस्टम में हाई डेफिनेशन व अधिक पिक्सल वाले ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे, स्पीड रडार और वॉयलेक्शन डिटेक्शन कैमरे लगेंगे। ट्रैफिक नियम तोड़ने पर तुरंत चालान कटेगा।


