आंदोलन की पुकार, दादी का रुका अंतिम संस्कार; अभिजीत दीपके के लिए धर्म संकट
कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके को रिहा कर दिया गया है। लेकिन अब उनके सामने एक धर्म संकट है। एक तरफ जहां उन्हें आंदोलन में हिस्सा लेना है तो दूसरी तरफ उनकी दादी का अंतिम संस्कार रुका हुआ है।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके करीब 24 घंटे तक हिरासत में रखे जाने के बाद रिहा कर दिए गए हैं। सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका के साथ रविवार सुबह एग्जीक्युटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के बाद रिहा किए गए दीपके के सामने अब एक धर्म संकट है। एक तरफ जहां उनके संगठन ने के लिए भी आंदोलन की पुकार दे दी है तो दूसरी तरफ दीपके के इंतजार में उनकी दादी का अंतिम संस्कार रुका हुआ है।
अभिजीत दीपके को शनिवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से शनिवार सुबह उस समय हिरासत में लिया गया जब वह मुंबई से एक विमान में सवार होकर सौरभ दास और आशुतोष रांका के साथ पहुंचे थे। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर आंदोलन के लिए आए दीपके को विमान से ही हिरासत में ले लिया गया।
अभिजीत दीपके के हिरासत में जाते ही परिवार से आई दुखद खबर
दीपके को अभी हिरासत में गए कुछ ही घंटे हुए थे कि उनके परिवार से एक गमगीन करने वाली खबर आ गई। दीपके की दादी का निधन हो गया। दिल्ली पुलिस की ओर से बताया गया कि दीपके को दादी के देहांत की सूचना दी गई थी और उन्हें पूछा गया कि यदि वह तुरंत जाना चाहते हैं तो उन्हें उनके घर पहुंचाया जा सकता है। हालांकि, दीपके ने हिरासत में रहकर साथियों का साथ निभाने का फैसला किया। हालांकि, उनका परिवार आरोप लगाता रहा कि बेटे को दादी के निधन की जानकारी नहीं मिल पाई है।
दीपके के लिए रोका गया अंतिम संस्कार
दीपके की मां अनीता ने रविवार को न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में दिल्ली पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि अभिजीत के लिए अंतिम संस्कार रोका गया है। उन्होंने कहा, 'पुलिस झूठ बोल रही है। यदि उसे सूचना (दादी के निधन की) मिली होती वह तुरंत आ गया होता। हमने उसकी दादी के अंतिम संस्कार को उसके इंतजार में रोका है।'
रविवार को फिर जंतर-मंतर जाने की है घोषणा
दीपके, रांका और दास को हिरासत में लिए जाने के बाद संगठन प्रभारी आजिंक्य शिंदे ने आंदोलन की अगुआई संभाली और रविवार को एक बार फिर जंतर-मंतर आंदोलन की घोषणा कर दी। सीजेपी का कहना है कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, प्रदर्शन-आंदोलन जारी रहने वाला है। ऐसे में दीपके लिए एक बड़ा सवाल है कि वह आगे के लिए क्या फैसला करते हैं। सूत्रों के मुताबिक, दीपके एक दिन के लिए महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जा सकते हैं और दादी के अंतिम संस्कार के बाद दोबारा दिल्ली लौट आएंगे। लेकिन एक बात तो तय है कि यदि वह दादी के अंतिम संस्कार में जाते भी हैं तो गम की इस घड़ी में परिवार के साथ अधिक समय नहीं बिता पाएंगे।

