मौत भी न कर सकी जुदा; दिल्ली अग्निकांड में एक-दूसरे की बाहों में मृत मिला अफ्रीकी कपल, बच्चे की चाह में आया था भारत
पुलिस ने होटल के मालिक लवकेश बजाज को घटना के कुछ ही घंटों बाद ही बुधवार को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि होटल के फरार मैनेजर की तलाश जारी है। गुरुवार शाम को दिल्ली की साकेत कोर्ट ने होटल के मालिक को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में जान गंवाने वाले 21 लोगों में एक अफ्रीकी कपल ऐसा भी था, जिनके प्यार की मिसाल बचाव दल के सदस्य दे रहे हैं। उनका कहना है कि लोग आमतौर पर साथ जीने मरने की केवल बातें करते हैं, लेकिन इस अफ्रीकी कपल ने तो इस बात को पूरी तरह सच भी कर दिखाया। दरअसल हौज रानी इलाके के 'फ्लरिश स्टे B&B' होटल में लगी भीषण आग में जब धुएं और लपटों ने पूरी इमारत को घेर लिया, तो इस कपल ने एक-दूसरे की बाहों में आखिरी सांस ली।
रेस्क्यू टीम को जब इमारत के ग्राउंड फ्लोर में स्थित एक बाथरूम में इन दोनों का शव मिला तो उस वक्त भी वे एक-दूसरे का हाथ थामे हुए थे और एक-दूसरे से लिपटे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि घने धुएं और आग की तेज लपटों से बचने के लिए इस कपल ने वहां खुद को बंद कर लिया था, और फिर दम घुटने की वजह से वहीं उनकी मौत हो गई। इस कपल को जानने वाले लोगों ने बताया कि यह कपल दो से तीन होने के लिए भारत आया था और इस होटल में रुकते हुए पास के ही एक अस्पताल में फर्टिलिटी का इलाज करवा रहा था।
'जो दिखा उसकी तुलना किसी से नहीं कर सकता'
मैक्स स्मार्ट अस्पताल के ड्यूटी इन-चार्ज और रेस्क्यू के लिए सबसे पहले पहुंचने वाले वसीम राजा ने कपल के आखिरी पलों के मंजर को बयां किया और वहां नजर आए दृश्य को 'ताजमहल' से भी बड़ी प्यार की मिसाल बताया। वसीम ने कहा कि 'वहां पहुंचने के बाद हमने किसी तरह बाथरूम का दरवाजा खोला और अंदर जो कुछ देखा, उसे शब्दों में बयान करना नामुमकिन है। मैंने अपने करियर में कई शव देखे, लेकिन वहां जो दिखा, उसकी तुलना किसी और चीज से नहीं की जा सकती।'
पति के कंधों पर टिका हुआ था महिला का सिर
वसीम ने बताया कि, 'अंदर महिला टॉयलेट सीट पर बैठी हुई थी, जबकि उसका पति उसके बगल में रखी एक कुर्सी पर बैठा हुआ था। उन दोनों ने एक-दूसरे को थामे रखा था। उनकी बाहें एक-दूसरे के चारों ओर लिपटी हुई थीं और महिला का सिर उसके पति के कंधे पर टिका हुआ था।'
जहरीले धुएं के कारण हुई मौत
राजा ने बताया कि इसके बाद बचाव दल ने तुरंत उनकी नब्ज जांची और सीपीआर देते हुए उन्हें होश में लाने और उनकी जान बचाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जहरीले धुएं के कारण दोनों की मौत हो चुकी थी। मौत के आखिरी पलों में भी उन्होंने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा।
'एक-दूसरे की बाहों में किया मौत का सामना'
राजा ने आगे कहा, 'जिंदगी के अंतिम पलों में भी, इस जोड़े ने एक-दूसरे की मौजूदगी में ही सुकून तलाशने की कोशिश की। वहीं जब मौत करीब आ रही थी, तब भी उन्होंने एक-दूसरे की बाहों में, साथ मिलकर उसका सामना करने का फैसला किया। यह एक ऐसा दृश्य है जो हमेशा के लिए मेरे मन में बस चुका है।' बचाव दल के सदस्यों का कहना है कि मौत के बाद भी उन दोनों के बीच का गहरा रिश्ता साफ दिखाई दे रहा था।
दो से तीन होने की उम्मीद लेकर आए थे भारत
इस कपल को जानने वाले स्थानीय कैब ड्राइवर इकरार ने बताया कि इलाके के कई ड्राइवर इस जोड़े को जानते थे, क्योंकि वे इलाज के लिए अक्सर पास के अस्पताल आते-जाते रहते थे। इकरार के अनुसार 'यह अफ्रीकी कपल पास के ही एक अस्पताल में IVF यानी फर्टिलिटी ट्रीटमेंट करा रहा था और इलाज के सिलसिले में अक्सर अस्पताल आता-जाता रहता था।' कैब ड्राइवर ने भावुक होते हुए कहा, 'वे यहां एक परिवार शुरू करने की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यहां उनका सफर इस तरह खत्म हो जाएगा।'
बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई इस घटना के दौरान 5 मंजिला होटल में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि इमारत की छत से बाहर निकलने का रास्ता बंद था और कई कमरों में खाना पकाने वाले हीटर इस्तेमाल किए जा रहे थे। साथ ही पुलिस ने यह भी आरोप लगाया है कि होटल के संचालन में बड़े पैमाने पर नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था, क्योंकि होटल मालिक को सिर्फ 6 कमरे बनाने की अनुमति थी, लेकिन वह यहां पर लगभग 25 कमरे होटल के रूप में चला रहा था।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


