Aerocity Township : एयरोसिटी टाउनशिप योजना एक कदम और आगे बढ़ी; 3 गांवों जमीन खरीदेगा GDA; रेट भी फाइनल

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

Aerocity Township : गाजियाबाद में बनने वाली एयरोसिटी टाउनशिप की योजना अब एक कदम और आगे बढ़ गई है। इसके लिए 3 गांवों की जमीन खरीदने के प्रस्ताव पर जीडीए बोर्ड ने अपनी मंजूरी दे दी है। प्राधिकरण ने जमीन के लिए रेट भी फाइनल कर दिए हैं। 

Ghaziabad Raj Nagar Extension aerial view
गाजियाबाद राजनगर एक्सटेंशन का दृश्य

गाजियाबाद राजनगर एक्सटेंशन में एयरोसिटी कमर्शियल टाउनशिप के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) जल्द जमीन खरीदेगा। शुक्रवार को बोर्ड बैठक में जमीन खरीदने के लिए प्रशासनिक स्वीकृति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब प्राधिकरण तीन विकल्पों से जमीन खरीदेगा। इसमें लैंड पुलिंग को प्राथमिकता दी जाएगी।

राजनगर एक्सटेंशन के तीन गांव की जमीन पर एयरोसिटी बसाई जाएगी। इसमें मुख्य रूप से अटौर, मोरटी और मेवला अगरी गांव शामिल हैं। इन गांव की करीब 219.6131 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप बसेगी, जिसमें से प्राधिकरण को यहां करीब 193.1256 हेक्टेयर जमीन किसानों से लेनी है।

इन दरों पर खरीदी जाएगी जमीन

किसानों से जमीन लेने के लिए कीमत भी तय हो चुकी है। इसमें जीडीए अटौर गांव की 107.5963 हेक्टेयर जमीन अर्जित करेगा। इस जमीन का सर्किल रेट 3,630 प्रति वर्ग मीटर है, जिसे 14,520 रुपये प्रति वर्ग मीटर से लिया जाएगा। मोरटी गांव की 55.3473 हेक्टेयर जमीन का सर्किल रेट 4,350 रुपये प्रति वर्ग मीटर है, जिसे 17,400 रुपये प्रति वर्ग मीटर से लेना तय है। मेवला अगरी गांव की 30.1820 हेक्टेयर जमीन का सर्किल रेट 800 वर्ग मीटर है, जो 3,200 रुपये प्रति वर्ग मीटर से लेना प्रस्तावित है। इस पर प्राधिकरण 2831 करोड़ रुपये खर्च करेगा।

टाउनशिप में किन्हें मिलेंगे प्लॉट

जीडीए बोर्ड ने शुक्रवार को किसानों से जमीन खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब प्राधिकरण किसानों से जमीन लेगा। अधिकारी बताते हैं कि एयरोसिटी टाउनशिप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पास बसाई जाएगी। यह पूरी तरह कमर्शियल टाउनशिप होगी। यहां कई बड़ी कंपनियों के ऑफिस, होटल, रेस्तरां, मॉल, कॉलेज, स्पोर्ट्स क्लब, स्पोर्ट्स एकेडमी, गोल्फ कोर्स, दुकान, शोरूम के लिए प्लॉट कांटे जाएंगे।

लैंड पूलिंग को प्राथमिकता दी जाएगी

इस योजना के लिए जीडीए ने दो विकल्पों से जमीन लेना तय किया है। प्राधिकरण मुख्य रूप से किसानों से संपर्क कर लैंड पूलिंग के जरिये योजना में चिह्नित भूमि ले सकता है। इसे ही प्राथमिकता दी जाएगी। यदि किसान लैंड पूलिंग के लिए तैयार नहीं होते हैं, तो किसानों से आपसी सहमति बनाकर भूमि लेने का प्रयास किया जाएगा। बताया गया है कि योजना से ली गई भूमि की 25 फीसदी विकसित भूमि जीडीए किसानों को देगा। इसमें जीडीए भूमि के लिए पहले रकम खर्च नहीं करेगा।

बाढ़ से बचाव को हिंडन पर बनेगा बांध

वहीं गाजियाबाद में हिंडन के दाहिने तट पर राजनगर एक्सटेंशन रोड से पाइपलाइन मार्ग तक बांध निर्माण होगा। शुक्रवार को इस परियोजना के लिए फंड जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब जीडीए इसका फंड जुटाने के लिए ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू करेगा। राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हरनंदीपुरम आवासीय योजना और एयरोसिटी टाउनशिप विकसित होगी। इन योजनाओं को बाढ़ से बचाने के लिए हिंडन के दाहिने तट पर बांध का निर्माण किया जाएगा। पिछले दिनों इस परियोजना को अर्बन चैलेंज फंड योजना से मंजूरी मिलने के बाद अब जीडीए इसके फंड को जुटाने में जुड़ गया है। सिचाई विभाग ने सर्वे और डीपीआर तैयार कर परियोजना की 190 करोड़ रुपये लागत आंकी है। अर्बन चैलेंज फंड योजना के अनुसार, 50 फीसदी ऋण या अन्य माध्यम से वित्त पोषण, 25 फीसदी संबंधित विभाग यानी जीडीए और 25 फीसदी अर्बन चैलेंज फंड से वित्त पोषित किया जाएगा। 50 फीसदी यानी 95 करोड़ रुपये का ऋण जीडीए लेगा, जिसके प्रस्ताव को बोर्ड ने स्वीकृति दे दी है। इसके अलावा 47.50 करोड़ रुपये जीडीए वहन करेगा। यह रकम हरनंदीपुरम और एयरोसिटी टाउनशिप की परियोजनाओं से ली जाएगी। वहीं, शेष हिस्सा 47.50 करोड़ रुपये केंद्र सरकार से मिलेगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsएयरोसिटी की योजना एक कदम और आगे बढ़ी; 3 गांवों जमीन लेगा GDA; रेट भी फाइनल