
नोएडा: SIR में लापरवाही पर ऐक्शन, 60 बीएलओ और 7 पर्यवेक्षकों पर केस दर्ज
गौतमबुद्धनगर जिले में एसआईआर की प्रक्रिया में लापरवाही के कई मामले सामने आए हैं। इसको लेकर गौतम बुद्ध नगर के अलग-अलग पुलिस स्टेशनों में चुनाव ऑफिस से मिली शिकायतों के आधार पर 4 केस दर्ज किए गए हैं।
गौतमबुद्धनगर जिले की डीएम मेधा रूपम ने वोटर लिस्ट के एसआईआर की प्रक्रिया में कथित लापरवाही और नियमों का पालन नहीं करने के लिए 60 बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) और 7 पर्यवेक्षकों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शनिवार को जारी आदेश के बाद जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

दादरी विधानसभा क्षेत्र (62-दादरी) के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) और उपजिलाधिकारी (सदर) आशुतोष गुप्ता ने 32 बीएलओ और एक पर्यवेक्षक के खिलाफ इकोटेक-वन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि निर्वाचन क्षेत्र 62-दादरी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान लापरवाही, उदासीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इसी प्रकार, नोएडा विधानसभा (61-नोएडा) के ईआरओ ने SIR प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से कर्तव्यहीनता और निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप में 11 बीएलओ और छह पर्यवेक्षकों के खिलाफ दादरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
एक अधिकारी ने बताया कि जेवर में निर्वाचन क्षेत्र संख्या 63 के ईआरओ ने 17 बीएलओ के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो कथित तौर पर एसआईआर कर्तव्यों का पालन करने में विफल रहे और उच्च अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों की अनदेखी की।
इस बीच अपर पुलिस आयुक्त (नोएडा) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि गौतमबुद्धनगर जिले के कई थानों में निर्वाचन कार्यालयों से तहरीर मिली है। इन शिकायतों में कर्मचारियों पर निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन नहीं करने के आरोप लगे हैं। इन शिकायतों पर कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है।
शिकायतों में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों के निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन नहीं करने के कारण निर्वाचन का काम प्रभावित हो रहा है। राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि इनमें 60 से ज्यादा सरकारी कर्मचारियों पर शासकीय दायित्वों का निर्वहन नहीं करने के आरोप लगे हैं। इन सभी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए जाने के बाद कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि जिले में SIR का काम चार नवंबर को शुरू हुआ था और यह 4 दिसंबर तक जारी रहेगा।





