गुरुग्राम सिविल अस्पताल में महिला पर एसिड अटैक, युवक ने गलती से समझा एक्स-गर्लफ्रेंड
गुरुग्राम सेक्टर 10 स्थित सिविल अस्पताल के परिसर में रविवार रात 32 वर्षीय एक महिला पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि एक युवक ने 32 साल की महिला पर एसिड फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

गुरुग्राम सेक्टर 10 स्थित सिविल अस्पताल में रविवार रात 32 वर्षीय एक महिला पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि एक युवक ने 32 साल की महिला पर एसिड फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ऐसा बताया जा रहा है कि युवक ने गलती से पीड़िता को अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड समझ लिया था। डॉक्टरों ने घायल महिला को इलाज के लिए PGIMS रोहतक रेफर कर दिया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हमला रात 8.15 बजे से 8.30 बजे के बीच अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में हुआ। उन्होंने बताया कि महिला पर पीछे से हमला किया गया था। अधिकारियों ने कहा कि महिला के कंधे, गर्दन, गाल और हाथों पर चोटें आईं।
हमलावर को नहीं जानती पीड़िता
एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि उसे नहीं पता कि हमलावर कौन था। उसने कहा, “मेरी हालत गंभीर है। संदिग्ध अचानक पीछे से आया और मुझ पर एसिड फेंककर भाग गया। मैं उसका चेहरा नहीं देख पाई।”
गुरुग्राम सिविल अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर डॉ. लोकवीर सिंह ने कहा कि घायल महिला को PGIMS रोहतक रेफर कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “हमले के तुरंत बाद उसे इलाज दिया गया। संदिग्ध मौके से भागने में कामयाब हो गया था। हमने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित कर दिया था।”
एक युवती ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड पर लगाया हमले का आरोप
इस बीच, नूंह की रहने वाली 20 साल की एक युवती ने अपने एक्स बॉयफ्रेंड पर एसिड अटैक का आरोप लगाते हुए कहा कि उस हमले का निशाना वो थी। वह रविवार शाम को सुभाष नगर सेक्टर 5 में अपनी मौसी से मिलने गई थी, तभी से कथित तौर पर 24 वर्षीय युवक उसका पीछा कर रहा था।
एक जैसे कपड़े पहनने के चक्कर में हुआ ऐसा
युवती ने कहा, “मेरा एक्स बॉयफ्रेंड भी शाम 5 बजे वहां पहुंचा और मेरे साथ मारपीट की। उसने मेरे सिर पर रॉड से तीन बार मारा, जिससे मैं घायल हो गई।” उसने कहा, “मेरे घरवाले मुझे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले गए। इसके बाद वह और उसकी पत्नी वहां पहुंचे और मुझे ढूंढ रहे थे। शायद मेरे एक्स-बॉयफ्रेंड ने ही किसी दूसरी औरत पर एसिड फेंका है क्योंकि हमने एक जैसे कपड़े पहने थे।”
शादीशुदा है बॉयफ्रेंड
युवती ने कहा कि मारपीट की वजह से उसके सिर पर कई टांके लगे हैं। उसने बताया, “जब मुझे पता चला कि मेरा बॉयफ्रेंड शादीशुदा है, तो मैंने उससे बात करना बंद कर दिया था। उसने सोशल मीडिया पर मेरी अश्लील तस्वीरें अपलोड करना शुरू कर दिया था, जिसके लिए मैंने पुलिस में शिकायत की थी और उसकी प्रोफाइल डिलीट कर दी गई थी। वह पुलिस में शिकायत करने पर मुझसे गुस्सा था।”
क्या बोली पुलिस
गुरुग्राम पुलिस के पीआरओ संदीप तुरान ने कहा कि सेक्टर 10 थाने की एक टीम को तुरंत अस्पताल में तैनात किया गया। उन्होंने कहा, “यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि क्या संदिग्ध असल में पीड़ित या हमले में घायल दूसरी महिला को टारगेट करना चाहता था। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”


