एक ही मुद्दे पर सड़क पर उतरे बीजपी-कांग्रेस के छात्र संगठन, मोती बाग हादसे को लेकर प्रदर्शन

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण कैंपस के पास इमारत ढहने की घटना के बाद एबीवीपी, एनएसयूई और अन्य छात्र संगठन सड़क पर उतर रहे हैं। एबीवीपी ने सिविक सेंटर का घेराव किया। तो वहीं एनएसयूआई भी कैंपस में प्रदर्शन कर रहा है।

Moti bagh
मोदी बाग हादसे के बाद एबीवीपी, एनएसयूआई समेत अन्य छात्र संगठनों का विरोध प्रदर्शन

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने रविवार को सत्य निकेतन में एक पीजी आवास के ढहने की घटना पर ''गहरा दुख'' जताया। वहीं, छात्र और शिक्षक संगठनों ने शहरभर में ऐसे आवासों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की। इस मसले को लेकर एबीवीपी और एनएसयूआई दोनों ने ही विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। एबीवीपी ने निगम आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान सिविक सेंटर में तोड़फोड़ की भी खबर सामने आई है।

विश्वविद्यालय ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना से हम बेहद दुखी और व्यथित हैं। हमारी संवेदनाएं प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं। हम मलबे में फंसे सभी लोगों के सुरक्षित बचाव की प्रार्थना करते हैं और अपने छात्रों की हर संभव मदद के लिए तैयार हैं।''

नेशनल डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट (एनडीटीएफ), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर चिंता जताई, जिसके कारण इमारत ढहने की आशंका है।

एनडीटीएफ ने कहा कि इस घटना से दिल्ली विश्वविद्यालय के दोनों परिसरों और शहर के अन्य हिस्सों में स्थित उसके कॉलेज के आसपास निजी छात्रावासों और पीजी आवासों में संरचनात्मक मानकों तथा अग्नि सुरक्षा नियमों के अनुपालन को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं।संगठन ने कई छात्र आवासीय इलाकों की संकरी गलियों का भी मुद्दा उठाया और कहा कि आपात स्थिति में ये बचाव अभियानों में बाधा डाल सकती हैं। उसने दिल्ली विश्वविद्यालय के आसपास निजी छात्रावासों और पीजी आवासों की समयबद्ध जांच की मांग की।

एबीवीपी ने की सुरक्षा ऑडिट की मांग

एबीवीपी ने इमारत ढहने की घटना को लेकर दिल्ली नगर निगम के भवन के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन ने नगर निकाय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शहरभर में छात्र आवासों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की।

आरएसएस से संबद्ध संगठन ने कहा कि उसके कार्यकर्ता एमसीडी परिसर में दाखिल हुए और धरने पर बैठ गए।

एबीवीपी के राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि घटना ने शहर के अधिकारियों के कामकाज पर ''गंभीर सवाल'' खड़े किए हैं। उन्होंने कहा, ''लापरवाह पीजी संचालकों के साथ-साथ ऐसे अव्यवस्थित पीजी चलाने की अनुमति देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उच्चस्तरीय जांच शुरू की जानी चाहिए।''

वामपंथी छात्र संगठन ने उठाए सवाल

कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई ने इमारत ढहने के पीछे लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार से युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाने की मांग की। एसएफआई की दिल्ली इकाई ने कहा कि यह घटना छात्र इलाकों में अवैध निर्माण की व्यापक समस्या को उजागर करती है। उसने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाले छात्रों को आवास तलाशने में मदद के लिए औपचारिक व्यवस्था नहीं होने के कारण अक्सर तंग और भीड़भाड़ वाले फ्लैट तथा पीजी में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsएक ही मुद्दे पर सड़क पर उतरे बीजपी-कांग्रेस के छात्र संगठन, क्या है उनकी मांग