कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ अब स्वतंत्र भारद्वाज का दोस्त लाठी लेकर खड़ा हो गया, हमले की धमकी
कॉकरोच जनता पार्टी 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने जा रही है। इस बीच स्वतंत्र भारद्वाज के दोस्त अभिषेक ठाकुर सनातनी ने धमकी दी है।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के पहले आंदोलन में मारपीट की वजह से जेल जा चुका स्वतंत्र भारद्वाज जमानत मिलने के बाद भले ही शांत पड़ गया हो, लेकिन अब उसका दोस्त अभिषेक ठाकुर सनातनी उसी अंदाज में खड़ा हो गया है। अभिषेक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के दूसरे आंदोलन से ठीक पहले हाथ में लाठी लेकर ठीक उसी तरह जंतर-मंतर पर हमले और मारपीट की धमकी दी है, जिस तरह कभी स्वतंत्र भारद्वाज ने दी थी। अभिषेक ने कहा कि जो लोग पुलिसकर्मियों पर हमले कर रहे हैं वे रडार पर हैं।
स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थक और उसके दोस्त अभिषेक ने सोनिया गांधी, अरविंद केजरीवाल और सीजेपी का नाम लेकर धमकियां दीं। उसने पुलिसकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का आरोप लगाकर बदला लेने की बात कही है। अभिषेक ठाकुर सनातनी ने अपने एक्स हैंडल पर अपलोड किए वीडियो में कहा, 'आप सब देख रहे होंगे ये सोनिया सेना, कांग्रेस पार्टी, ये केजरीवाल और ये सारे कॉकरोच, मक्खी-मच्छर, कीड़े-मकौड़े, दिल्ली पुलिस के जवानों को, महिला पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट कर रहे हैं। कोई उन पर लात चला रहा है तो कोई किसी भाई को मारने का काम कर रहा है। जानबूझकर दिल्ली पुलिस को उकसाने का काम कर रहा है।'
बोला- अगल-बगल ध्यान रखना
अभिषेक ने 10 तारीख को जंतर-मंतर पर जाने की ओर इशारा करते हुए यहां आने वालों को सावधान रहने को कहा। उसने कहा, 'अबे डिटेन तो हम भी होते हैं, हमने भी प्रोटेस्ट करा है। हमारे साथ भी वही चीजें होती हैं। लेकिन हम फिर भी हंसते हुए जाते हैं। क्योंकि हमें पता है कि दिल्ली पुलिस का जवान अपना काम कर रहा है। लेकिन ये जो दो कौड़ी के दल्ला, नीच, आकर महिला पुलिसकर्मियों को मार रहे हैं। कैमरा ऑन करो तो बेटा तुम्हारे बाप आ चुके हैं मैदान के अंदर। इस बात को ध्यान रख लेना। 10 तारीख को जो तुम इकट्ठा हो रहे हो ना जंतर-मंतर पर, अगल-बगल देखकर आना और अगल-बगल जरूर ध्यान रखना।'
'टाइम खराब है तुम्हारा, पहला विकेट जल्दी करेगा'
खुलेआम मारपीट की धमकी देते हुए अभिषेक दावा करता है कि वह पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी करने वालों को मिट्टी में मिला देगा। वह यह भी कहता है कि पहला विकेट बहुत जल्दी गिरेगा। हालांकि, उसने इस बात को साफ नहीं किया कि वह किसके लिए ऐसा कह रहा है। उसने कहा, ' जिन्होंने भी पुलिस के साथ बदतमीजी करी है, मारपीट करी है, तुम सब चिह्नित हो। रडार पर हो इस बात को ध्यान रखना। और अभी भी खड़ा हूं सीपी के अंदर और तुम्हारे बगल में कौन भाई खड़ा होगा और तुम्हें कहां मिट्टी में मिला देगा। तुम्हें पता भी नहीं चलेगा इस बात को ध्यान रखना। आज से ही तुम्हारी फिल्डिंग सेट हो गई है और पहला विकेट बहुत जल्दी गिरेगा। सीताराम, जयश्रीराम, सिक्योरिटी बढ़ा लेना। टाइम खराब है तुम्हारा।'

