सैंकड़ों इमारतें एक साथ गिर गईं तो...; सत्य निकेतन में हादसे के बाद अभिजीत दीपके ने क्या कहा?
एक इमारत से लोगों को बचाने में ही हमारा आपदा-प्रबंधन सिस्टम संघर्ष करता दिखा। उन्होंने कहा, अगर एक इमारत गिरने पर हमारी तैयारी का यह हाल है, तो सोचिए क्या होगा जब एक साथ सैकड़ों इमारतें गिरेंगी?

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की घटना पर नाराजगी जताते हुए कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि जब एक बिल्डिंग गिरने पर ये हालत है तो अगर सैंकड़ों इमारतें एक साथ गिर गई तो क्या होगा। उन्होंने कहा है कि लोगों के मलबे में दब जाने के बाद जवाबदेही तय करने का कोई मतलब नहीं है।
अभिजीत दीपके ने कहा, दिल्ली सिस्मिक जोन IV में आती है, जो भारत में भूकंप के जोखिम वाली दूसरी सबसे गंभीर श्रेणी है। सुरक्षा नियमों और कानूनों का खुलेआम उल्लंघन करके जिस तरह लापरवाही से इमारतें बनाई जा रही हैं, उसे देखते हुए एक बड़ा भूकंप तबाही का कारण बन सकता है। कल एक और बड़ी नाकामी सामने आई। गिरी हुई एक इमारत से लोगों को बचाने में ही हमारा आपदा-प्रबंधन सिस्टम संघर्ष करता दिखा। उन्होंने कहा, अगर एक इमारत गिरने पर हमारी तैयारी का यह हाल है, तो सोचिए क्या होगा जब एक साथ सैकड़ों इमारतें गिरेंगी?
उन्होंने कहा, दिल्ली को सभी जोखिम वाली इमारतों का तुरंत ऑडिट करने, बिना किसी अपवाद के सुरक्षा नियमों को लागू करने और शहर की आपदा-प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा करने की जरूरत है। लोगों के मलबे में दब जाने के बाद जवाबदेही तय करने का कोई मतलब नहीं है।
पीएम मोदी पर भी साधा था निशाना
अभिजीत दीपके ने घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था और सवाल किया था कि बुनियादी ढांचे की नाकामी की कीमत आखिर छात्रों को कब तक चुकानी पड़ेगी। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इमारत गिरने की घटना को दुखद और टाली जा सकने वाली त्रासदी बताया।
इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने घटना को बेहद दर्दनाक और चिंताजनक बताया और कहा कि कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है, जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा, मेरी अपील है कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली दमकल सेवा और सभी बचाव दल हर संभव प्रयास करके हर एक छात्र तक पहुंचें, घायलों को तुरंत सर्वोत्तम संभव इलाज मिले, ताकि किसी को भी बचाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।
भाषा से इनपुट

