'मुझे पीटा गया', हिरासत में अभिजीत दीपके; जंतर- मंतर पर पुलिस की भारी तैनाती

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

सुबह-सुबह दिल्ली पुलिस ने पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर के मंच से उठा लिया है। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दावा किया है कि उन्हें पुलिस ने पीटा और हिरासत में  ले लिया है। 

abhijeet dipke

जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से अनशन कर रहे पर्यावरण और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस उठा ले गई है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि माननीय हाई कोर्ट के निर्देश के मुताबिक उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर कोई चांस नहीं लिया जा सकता है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भी जंतर-मंतर जल्दी से जल्दी खाली करने को कहा है। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का कहना है कि पुलिस ने उन्हें पीटा है और हिरासत में ले लिया है। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करके उन्होंने यह जानकारी दी है।

जंतर-मंतर पर भारी तैनाती

जंतर-मंतर पर इस समय पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक पुलिस प्रदर्शनकारियों को समझा रही है कि वे धरना स्थल को छोड़ दें। वहीं दिल्ली पुलिस की टीम सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल लेकर पहुंची है। आपको बता दें कि सोनम वांगचुक का अनशन 20वें दिन में प्रवेश कर गया है। एक दिन पहले ही डॉक्टरों ने उनकी सेहत को लेकर चेतावनी दी थी कि उनके अंग धीरे-धीरे जवाब दे सकते हैंं।

सफदरजंग अस्पताल ले गई पुलिस

रिपोर्ट के मुताबिक सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों की टीम पहले से ही तैनात थी। थोड़ी देर में अस्पताल की तरफ से सोनम वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट जारी की जाएगी। अस्पताल के बाहर भी रैपिड ऐक्शन फोर्स के जवानों को तैनात किया गया है। वहीं जंतर-मंतर पर चार लेयर की बैरिकेटिंग लगाई गई है। पुलिस की टीम हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस की तैनाती को देखते हुए कहा जा सकता है कि जल्द ही धरना स्थल को खाली करवाया जा सकता है।

सोनम वांगचुक की मांग है कि नीट पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। इसको लेकर उन्हें विपक्ष का सपोर्ट मिल रहा था। आम आदमी पार्टी के चीफ अरविंद केजरीवाल, एसपी नेता डिंपल यादव और कांग्रेस नेता पवन खेड़ा उनसे मिलने जंतर-मंतर पहुंचे थे। कई विपक्षी नेताओं ने सोनम वांगचुक को सलाह दी थी कि वह अपना अनशन तोड़ दें। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि यह सरकार असंवेदनशील है और सोनम वांगचुक को अपनी जान दांव पर नहीं लगानी चाहिए।

अभिजीत दीपके ने पहले ही दावा किया था कि कुछ गुंडों ने सोनम वांगचुक पर हमले की कोशिश की है और यह प्रदर्शन को खत्म करवाने की साजिश है। दीपके ने कहा था कि पुलिस के अंदरूनी सूत्र ने जानकारी दी है कि प्रदर्शन को बाधित करने के लिए कुछ लोगों को भेजा जाएगा। एसपी की नेता डिंपल यादव ने बयान जारी कर कहा है कि बीजेपी की सरकरा को शांतिपूर्ण प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं है।

Ankit Ojha

लेखक के बारे में

Ankit Ojha

विद्यालयी जीवन से ही कलात्मक अभिव्यक्ति, विचारशील स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व और सामान्य के अंदर डुबकी लगाकर कुछ खास खोज लाने का कौशल पत्रकारिता के लिए अनुकूल साबित हुआ। अंकित ओझा एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले अंकित ओझा समाचारों की दुनिया में तथ्यों के महत्व के साथ ही संवेदनशीलता के पक्ष को साधने में निपुण हैं। पिछले चार साल से हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप के 'लाइव हिन्दुस्तान' के लिए चीफ कॉन्टेंट प्रड्यूसर पद पर कार्य कर रहे हैं। इससे पहले 'टाइम्स ऑफ इंडिया' और 'इंडियन एक्सप्रेस' ग्रुप के साथ भी कार्य कर चुके हैं।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, राज्य और सामाजिक सरोकारों की खबरों के संपादन में लंबा अनुभव होने के साथ ही अपने-आसपास की घटनाओं में समाचार तत्व निकालने की अच्छी समझ है। घटनाओं और समाचारों से संबंधित फैसले लेने और त्वरित समाचार प्रकाशित करने में विशेष योग्यता है। इसके अलावा तकनीक और पाठकों की बदलती आदतों के मुताबिक सामग्री को रूप देने के लिए निरंतर सीखने में विश्वास करते हैं। अंकित ओझा की रुचि राजनीति के साथ ही दर्शन, कविता और संगीत में भी है। लेखन और स्वरों के माध्यम से लंबे समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे। इसके अलावा ऑडियन्स से जुड़ने की कला की वजह से मंचीय प्रस्तुतियां भी सराही जाती हैं।


अकादमिक योग्यताः अंकित ओझा ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय से पूरी करने के बाद जामिया मिल्ल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन किया है। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पोस्ट ग्रैजुएट डिप्लोमा और कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए किया है। जामिया में अध्ययन के दौरान ही इटैलियन और उर्दू भाषा में भी कोर्स किए हैं। इसके अलावा पंजाबी भाषा की भी अच्छी समझ रखते हैं। विश्वविद्यालय में NCC का 'C सर्टिफिकेट' भी प्राप्त किया है। IIMC और ऑक्सफर्ड से स्वास्थ्य पत्रकारिता का सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।