अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका ने CJP पर हमले का क्या बताया फायदा, दोनों खूब हंसे
आशुतोष रांका ने कहा कि जयपुर के पास रामपुरा में उनपर जो हमला हुआ उसकी वजह से इस घटना और स्कूल को नेशनल और इंटरनेशनल कवरेज मिला। अभिजीत दीपके ने हमलावरों को गधे और बेवकूफ बताया।

नीट पेपर लीक पर आंदोलन चलाकर केंद्रीय मंत्री को इस्तीफे के लिए मजबूर करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) अब 'स्कूल ठीक करो' अभियान को लेकर चर्चा में है। इसी मुहिम के तहत राजस्थान में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल में जाते समय सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका पर हमला कर दिया गया। हमले के खिलाफ सीजेपी एक तरफ जहां राजस्थान में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के लिए आंदोलन चलाने की धमकी दे चुकी है तो खुद आशुतोष रांका ने अपने संग हुई मारपीट से बड़ा फायदा मिलने की बात कही है। अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के बीच वीडियो कॉल पर बातचीत का यह हिस्सा खूब वायरल हो रहा है।
आशुतोष रांका और उनकी टीम पर जयपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर रामपुरा-कंवरपुरा में हमला हुआ था। सीजेपी की टीम गांव से उस स्कूल की तरफ बढ़ रही थी जिसका भवन जर्जर होने के बाद बच्चे कथित तौर पर एक भैंसों के तबेले में पढ़ाई करते हैं। सीजेपी की टीम का विरोध होने के बाद खुद रांका मौके पर पहुंचे तो उन पर हमला हो गया। उग्र भीड़ ने रांका और उनके साथियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। गाड़ियों पर पथराव भी किया गया। कुछ सदस्यों हमले में जख्मी हो गए थे और खुद रांका के सिर पर मुक्के से कई बार वार किया गया था। हमले के बाद रांका ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि 48 घंटे में सभी हमलावरों को नहीं पकड़ा गया तो आंदोलन चलाया जाएगा।
इस बीच आशुतोष रांका और अभिजीत दीपके के बीच वीडियो कॉल से बातचीत का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इसमें रांका अपने हमले के बारे में बताते हुए इसका एक फायदा भी गिनाते हैं, जिस पर दीपके भी सहमत दिखे। हमलवारों को 'गधे और बेवकूफ' बताते हुए रांका और दीपके ने कहा कि यदि हमला ना होता तो इतना मीडिया कवरेज नहीं मिलता। रांका ने कहा कि उन्हें कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया चैनल भी कवरेज करते दिखे।
'हमले की वजह से अच्छा ये हुआ कि…'
रांका ने दीपके से कहा, 'गुंडे तैयारी करके आए और मारपीट करने के लिए। लेकिन बेस्ट पार्ट पता है, क्या हुआ? मैं जाता, टीम जाती, कवर होता, एक दो जगह न्यूज पेपर में आता और खत्म हो जाता। इन लोगों को लगा कि घुसने नहीं देना है तो पत्थर मारे। (मुस्कुराते हुए) एक-एक न्यूज चैनल ने कवर किया है।' रांका की बात पर सहमति जाहिर करते हुए और इसके आगे बढ़ाते हुए दीपके ने कहा, 'इतने बेवकूफ लोग हैं... तू जाता स्कूल देखकर आता, तू वीडियो डालता, उस वीडियो पर 2-3 हजार रीट्वीट हो जाते, 50-60 हजार लाइक आ जाते। लेकिन इन्होंने गुंडागर्दी करके इसको नेशनल मुद्दा बना दिया। इतने गधे और बेवकूफ लोग हैं ना ये।'
रांका बोले- इंटरनेशनल मीडिया ने भी कवर किया
रांका ने कहा कि इंटरनेशनल मीडिया ने भी इस घटना को कवर किया। उन्होंने कहा, 'नेशनल भाई... वहां पर इंटरनेशनल मीडिया के एक दो चैनल खड़े थे। मेरे को एक दो लोगों ने भेजा है 'इंडियाज लार्जेस्ट स्टेट हैज ए स्कूल रनिंग इन काउ शेल्टर इन इट्स कैपिटल।' दीपके ने कहा कि ये लोग खुद ही अपनी बदनामी करवा रहे हैं।


