ई-रिक्शा चलाते-चलाते आतंक की राह पर चला गया अयोध्या का अब्दुल, जेल में हो गई हत्या
अयोध्या के राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने के आरोप में फरीदाबाद से हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान ई-रिक्शा चालक था। वह यूट्यूब और फेसबुक पर इस्लामिक स्टेट, तालिबान और मुसलमानों पर हो रहे अत्याचार के वीडियो देखता था।

अयोध्या के राम मंदिर पर हमले की साजिश रचने के आरोप में फरीदाबाद से हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान ई-रिक्शा चालक था। वह यूट्यूब और फेसबुक पर इस्लामिक स्टेट, तालिबान और मुसलमानों पर हो रहे अत्याचार के वीडियो देखता था। वहीं, उसे पाकिस्तान के नंबर पर पंजीकृत टेलीग्राम आईडी से भी हिदायत मिलती रहती थी। धीरे-धीरे वह ई-रिक्शा चालक से आतंक की राह तक जा पहुंचा। इससे वह जांच एजेंसियों की नजर में आ गया था।
बीते साल 2 मार्च को बांस रोड पाली से पलवल एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) और गुजरात एटीएस ने उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस को उसके पास से दो हैंड ग्रेनेड और डेटोनेटर मिले थे। इसके सहारे अयोध्या में राम मंदिर पर हमले की साजिश रची गई थी।
अयोध्या का रहने वाला था अब्दुल
संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान अयोध्या के मजनाई का रहने वाला था। वह ई-रिक्शा चलाकर अपना गुजारा करता था। बताते हैं कि मोबाइल पर वीडियो देखकर उसे बंदूक बनाने में दिलचस्पी पैदा हो गई थी।
वह अक्सर लकड़ी और लोहे की नकली बंदूक बनाकर उनके वीडियो और फोटो इंस्टाग्राम अकाउंट पर डालता था। उसकी सबसे पहले वाली इंस्टाग्राम आईडी ब्लॉक हो गई तो वह नई-नई आईडी बनाकर वीडियो डालता रहता था।
सीमापार बैठे लोगों ने किया अब्दुल का ब्रेनवॉश
पुलिस जांच में पता चला था कि वर्ष 2023 के दौरान अब्दुल को उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर अलताफ सलाम का मैसेज आया था। इसके बाद उसे जिहाद के बारे में बताया जाने लगा। सीमापार बैठे लोग उसका ब्रेन वॉश करने लगे। उसके संपर्क में रहने वाला शख्स खुद को इस्लामिक स्टेट ऑफ खोरासान का सदस्य बताता था।
वह उसे जिहाद के लिए उकसाता था। इसके बाद वह टेलीग्राम के जरिये उनसे बात करने लगा था। आरोपी ने अपना नाम अबू सूफियान बताया था। अबू सूफियान ने उसे अब्दुल रहमान को संगठन के लिए समर्पित झंडा बनाने और अपने एक भाषण का वीडियो बनाकर देने को कहा था।
अब्दुल रहमान के सिर में गहरा घाव
एसीपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अरुण चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन जेल में जांच न्यायिक प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि मृतक की हत्या पत्थर मारकर की गई है। इतने पत्थर मारे गए कि उसके दिमाग की मेंब्रेन तक बाहर निकल गई थी, इसी कारण उसकी मौत मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। वह मंगलवार को फरीदाबाद पहुंच जाएंगे और उनके बयान पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेगी और उसके बाद ही पूछताछ करेगी।


