दिल्ली में आप कार्यकर्ता पर अंधाधुंध फायरिंग, सिर-सीने में 10 गोली लगने से मौत; हत्या की क्या वजह?
मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद राशिद के रूप में हुई है। घटना उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र स्थित नेहरू विहार में हुई है। आरोपी के शरीर में 10 गोलियां दागी गई हैं।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर थाना क्षेत्र स्थित नेहरू विहार में सोमवार शाम बेखौफ बदमाशों ने एक आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और कारोबारी की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या रंगदारी देने से इनकार करने के चलते की गई है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मोहम्मद राशिद के रूप में हुई है।
पिता प्रॉपर्टी डीलर, खुद चलाते थे एजेंसी
पुलिस के मुताबिक, राशिद गली डी-2, नेहरू विहार में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पिता हाजी यूनुस, मां, पांच भाई, पत्नी और पांच बच्चे हैं। उनके पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं। वहीं, राशिद आरओ प्लांट के साथ-साथ ई-रिक्शा, ऑटो और भारत टैक्सी ऑटो की एजेंसी चलाते थे। उनके पास बड़ी संख्या में ई-रिक्शा और ऑटो थे।
सिर, चेहरे और सीने में मारीं 10 गोलियां
सोमवार शाम करीब 6:10 बजे राशिद शेरपुर चौक स्थित अपनी ऑटो एजेंसी से लौटकर घर के पास बने अपने आरओ प्लांट पर पहुंचे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और बेहद करीब से उन पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब 12 से 15 राउंड फायरिंग की। राशिद के सिर, चेहरे और सीने में लगभग 10 गोलियां लगीं। गोलियों की आवाज सुनकर परिजन दौड़े और खून से लथपथ राशिद को फौरन जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अक्की डॉन गैंग पर शक और पुराना विवाद
परिजनों का आरोप है कि राशिद से रंगदारी मांगी जा रही थी और पैसे न देने पर छह महीने पहले भी उन पर 8-10 राउंड गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें वे बाल-बाल बचे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजा मेवाती उर्फ अक्की डॉन राशिद से लगातार अवैध वसूली की मांग कर रहा था। हालांकि, बीते 26 मई को खजूरी इलाके में खुद राजा मेवाती की हत्या हो चुकी है। अब आशंका जताई जा रही है कि राशिद की हत्या के पीछे उसी के गिरोह का हाथ हो सकता है।
पुलिस की कार्रवाई
सरेआम हत्या से इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि हत्या का मुख्य कारण रंगदारी ही है या इसके पीछे कोई और आपसी रंजिश छिपी है।


