‘देश की सत्ता पर एक खतरनाक षड्यंत्रकारी…’; केजरीवाल-सिसोदिया के बरी होने पर क्या बोले AAP नेता

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली में कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के केस में आज राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने ‘आप’ के मुखिया और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत सभी अन्य 21 आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया।  

दिल्ली में कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के केस में आज राउज एवेन्यू कोर्ट ने सीबीआई को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत सभी अन्य 21 आरोपियों को आरोपमुक्त कर दिया। ‘आप’ नेताओं ने कोर्ट के इस फैसले को सच्चाई की जीत बताया है। केजरीवाल ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि आखिर में अधर्म और अन्याय हारता है और सच ही जीतता है। सत्यमेव जयते।'' आइए जानते हैं और किसने क्या-क्या कहा…

कोर्ट द्वारा बरी किए जाने के बाद मनीष सिसोदिया ने अपने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''सत्यमेव जयते। आज एक बार फिर बाबा साहेब अम्बेडकर जी की दूरदर्शी सोच और उनके बनाए संविधान पर फख्र महसूस हो रहा है। मोदी जी की पूरी पार्टी और सारी एजेंसियों की हमें बेईमान साबित करने की तमाम कोशिशों के बावजूद आज साबित हो गया कि अरविंद केजरीवाल - मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है।''

‘हमारे नेताओं को जेल में यातनाएं दीं’

वहीं, ‘आप’ के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, ''कोर्ट ने हमारे नेताओं को बरी कर दिया। ये साबित हो गया कि देश की सत्ता पर एक खतरनाक षड्यंत्रकारी राज कर रहा है। जिसने साजिश रचकर देश के सबसे लोकप्रिय ईमानदार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, सबसे योग्य ईमानदार शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया और सबसे बेहतरीन ईमानदार पार्टी आम आदमी पार्टी को बदनाम किया। हमारे नेताओं को जेल में यातनाएं दीं। देश से माफी मांगो नरेंद्र मोदी।''

‘आखिरकर सच की जीत हुई’

‘आप’ की नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ''सत्यमेव जयते! चाहे कितने भी झूठे आरोप लगाए, चाहे कितना अत्याचार किया, लेकिन आखिरकर सच की जीत हुई। आज पूरे देश के सामने है - भाजपा का षड्यंत्र और अरविंद केजरीवाल की कट्टर ईमानदारी।''

हम पर हर चैनल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए : केजरीवाल

‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से जिस तरह से भाजपा दिल्ली आबकारी नीति मामले में हम पर आरोप लगा रही थी, आज अदालत ने हमारे खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है। हमने हमेशा कहा है कि सत्य की जीत होती है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ साजिश रची और पार्टी के पांच सबसे बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया। एक मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया। हम पर हर चैनल पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। केजरीवाल भ्रष्ट नहीं हैं। मैंने केवल ईमानदारी कमाई है। अदालत ने आज कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी ईमानदार हैं।

जज क्या बोले

राउज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार के केस में सीबीआई द्वारा दाखिल की गई चार्जशीट का संज्ञान लेने से इनकार कर दिया। जज जितेंद्र सिंह ने कहा कि सीबीआई की चार्जशीट में कई ऐसी कमियां हैं जिनका सबूतों से समर्थन नहीं मिलता। इसके साथ ही उन्होंने मामले में 'आप' के दोनों नेताओं के अलावा 21 अन्य आरोपियों को भी आरोपमुक्त कर दिया। सीबीआई, 'आप' की तत्कालीन सरकार द्वारा अब रद्द की जा चुकी शराब नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार की जांच कर रही थी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।