Hindi Newsएनसीआर Newsaap leader saurabh bhardwaj attack on bjp govt for yamuna water in arvind kejriwal govt
दिल्ली को भी इंदौर बनाना चाहते थे लेकिन अरविंद केजरीवाल ने...; AAP नेता का BJP सरकार पर हमला

दिल्ली को भी इंदौर बनाना चाहते थे लेकिन अरविंद केजरीवाल ने...; AAP नेता का BJP सरकार पर हमला

संक्षेप:

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि केंद्र सरकार की एजेंसी टेरी ने दिल्ली में जहरीले पानी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। टेरी के रिपोर्ट को दिल्ली सरकार ने मान भी लिया है। आप नेता ने कहा कि उस समय एलजी और डीजेबी की सीईओ ने पत्र लिखकर अरविंद केजरीवाल को झूठा बताया था।

Jan 05, 2026 04:42 pm ISTSubodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि केंद्र सरकार की एजेंसी टेरी ने दिल्ली में जहरीले पानी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। कहा कि टेरी के रिपोर्ट को दिल्ली सरकार ने मान भी लिया है। आप नेता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार के दौरान दिल्ली के अंदर भाजपा की हरियाणा सरकार द्वारा भारी अमोनिया युक्त जहरीला पानी यमुना में छोड़ने को लेकर केंद्र सरकार की एजेंसी टेरी ने बड़ा खुलासा किया है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

आप के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि क्या दिल्ली की सत्ता हथियाने के लिए भाजपा ने अपनी हरियाणा सरकार द्वारा दिल्ली में भारी अमोनिया युक्त पानी यमुना में छोड़कर इंदौर जैसी घटना को अंजाम देना चाहती थी? आप नेता ने कहा कि दिल्ली चुनाव से ठीक पहले हरियाणा सरकार ने भारी अमोनिया युक्त जहरीला पानी भेजा था, जिसका पता लगते ही अरविंद केजरीवाल ने कड़ा विरोध जताया था।

एलजी और दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने गुमराह किया

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हरियाणा सरकार दिल्ली के पानी में जहर मिला रही है, यह बात एक साल पहले अरविंद केजरीवाल ने कही। एलजी और दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने पत्र लिखकर अरविंद केजरीवाल को झूठा बताया। उस समय हरियाणा की भाजपा सरकार ने अरविंद केजरीवाल पर एफआईआर दर्ज करवाई थी। अब टेरी की रिपोर्ट ने खुलासा किया कि एलजी और दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने दिल्ली की जनता को गुमराह किया था। अमोनिया के आंकड़े कम करके बताए गए।

ये भी पढ़ें:AAP के 4 विधायक दिल्ली विधानसभा से 3 दिन के लिए सस्पेंड, क्या है इसकी वजह
ये भी पढ़ें:जब सूद और मैंने झूठ की पोल खोल दी तो...; वीरेंद्र सचदेवा ने AAP नेताओं को घेरा

केजरीवाल जनता की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहते थे

सोमवार को एक्स पर एक वीडियो साझा कर सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश के इंदौर में सरकार द्वारा सप्लाई किए गए पानी को पीने से करीब 10 लोगों की मौत हो गई है। सैकड़ों लोग अस्पताल में भर्ती हुए और अभी भी आईसीयू में हैं। दिल्ली में कभी ऐसा नहीं हुआ, क्योंकि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जनता की लड़ाई लड़ने के लिए हमेशा तैयार रहते थे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने स्पष्ट कहा था कि भाजपा शासित हरियाणा सरकार पानी में जहर मिला रही है, जिसकी काफी निंदा भी की गई। इसके उलट, हरियाणा सरकार ने अरविंद केजरीवाल पर ही केस दर्ज करा दिया।

डीजेबी ज्यादा अमोनिया वाले पानी को साफ नहीं कर सकती

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि टेरी की जिस रिपोर्ट को दिल्ली की भाजपा सरकार ने स्वीकार कर लिया है और सही माना है, वह बड़ा खुलासा करती है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल दिसंबर महीने में जब टेरी ने यमुना के सैंपल लिए तो वजीराबाद के अपस्ट्रीम में 27 पीपीएम अमोनिया था और डाउन स्ट्रीम में करीब 30 पीपीएम। अगर कोई यह पानी पी ले, तो यह जहर के बराबर है। दिल्ली जल बोर्ड एक पीपीएम से ज्यादा अमोनिया वाले पानी को साफ करने में सक्षम नहीं है।

एलजी के दबाव में दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने पत्र लिखा

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि उस वक्त अरविंद केजरीवाल को झूठा साबित करने के लिए उपराज्यपाल (एलजी) के दबाव में दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने पत्र लिखकर अरविंद केजरीवाल की बातों का खंडन किया था। उन्होंने कहा था कि ये झूठ बोल रहे हैं और झूठ फैला रहे हैं। अधिकारी ने बताया था कि यमुना के पानी में अमोनिया ज्यादा होने पर करीब 6 से 7 पीपीएम होता है। आज यह साबित हो गया है कि उस वक्त दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ, अधिकारी और एलजी झूठ बोल रहे थे, जबकि अरविंद केजरीवाल सच बोल रहे थे।

एलजी ने चिट्ठी लिखकर केजरीवाल को दोषी ठहराया था

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चूंकि वहां भाजपा की सरकार थी, इसलिए गलती को छुपाने के लिए दिल्ली जल बोर्ड की सीईओ ने दिल्लीवालों को असली अमोनिया की मात्रा नहीं बताई। एलजी ने भी दिसंबर में चिट्ठी लिखकर अरविंद केजरीवाल को दोषी ठहराया। उस वक्त सीईओ और एलजी की चिट्ठियों को मीडिया में खूब चलाया गया। लेकिन आज यह साबित हो गया है कि अरविंद केजरीवाल सही थे और भाजपा के एलजी व उनके द्वारा नियुक्त सीईओ झूठ बोल रहे थे और जनता की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे थे।

ये भी पढ़ें:AAP ने यमुना किनारे कराया हवन, सौरभ भारद्वाज बोले- BJP के किए पाप की मांगी माफी
ये भी पढ़ें:सीवर के पानी से अर्घ्य का पाप; दिल्ली में अभी क्यों छठ पूजा की चर्चा कर रही AAP

जनता की आवाज उठाते रहेंगे

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि अगर लोग सोचते हैं कि उनके घर में लगा आरओ 30 पीपीएम अमोनिया को फिल्टर कर सकता है, तो यह गलत है। आरओ से 30 पीपीएम अमोनिया फिल्टर नहीं हो सकता। कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पूर्व आप सरकार को सलाम है जो जनता के लिए लड़ने को तैयार थी और इंदौर की तरह दिल्ली में किसी को मरने नहीं दिया। हम पर तोहमतें लगीं, एफआईआर दर्ज हुईं, लेकिन हमने जनता की जान के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया। हो सकता है कि झूठ फैलाने का आरोप लगाकर इस वीडियो के लिए भी हम पर एक एफआईआर हो जाए, लेकिन हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे और दिल्ली को इंदौर नहीं बनने देंगे।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।