आप सरकार पर 'पिंक करप्शन' का आरोप; बस में महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए बनेगा कार्ड
रेखा गुप्ता ने कहा कि इसे (भ्रष्टाचार) रोकने के लिए हम व्यवस्था को डिजिटाइज्ड करेंगे। उन्होंने कहा कि हम महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए कार्ड बनाएंगे।

भाजपा ने दिल्ली के बजट भाषण में आप सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीती सरकार ने पिंक करप्शन किया है। रेखा गुप्ता बसों में महिलाओं को दी जाने वाली पिंक टिकट पर बात कर रही थीं। उन्होंने इसमें केजरीवाल सरकार द्वारा किए गए कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। सीएम रेखा ने कहा कि इसे रोकने के लिए हम व्यवस्था को डिजिटाइज्ड करेंगे। इसके लिए उन्होंने बस में महिलाओं के मुफ्त सफर के लिए कार्ड बनाए जाने की बात कही है।
सार्वजनिक परिवहन को मिले 12952 करोड़ रुपये
सीएम रेखा गुप्ता ने अपने बजट भाषण में कहा कि दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सुधार के लिए वर्ष 2025-26 के लिए 12952 करोड़ रुपये का फंड हमने ट्रांसपोर्ट के सेक्टर में रखा है। रेखा गुप्ता ने बीती सरकार पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाएं 100 इस्तेमाल कर रही थीं, लेकिन बिलिंग 400 रुपये की होती थी। सीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि हम कार्ड बनाएंगे, ताकि महिलाओं को टिकिट लेने की जरूरत न पड़े।
बस में यात्रा के लिए महिलाओं के लिए बनेंगे कार्ड
सीएम ने कहा कि महिला इस कार्ड का इस्तेमाल करेगी और जब चाहे, जितना चाहे बस में यात्रा कर सकेगी। महिला के पास एक कार्ड होगा और वो जितना चाहे इस्तेमाल करेगी। इससे बसों में टिकटिंग के नाम पर जो भ्रष्टाचार था, वह दूर होगा। रेखा गुप्ता ने कहा कि 14 हजार करोड़ का घाटा। पिंक भ्रष्टाचार तो इन्होंने ही किया था। महिला तो एक ही टिकट ले रही थी। मगर भ्रष्टाचार ये लोग कर रहे थे। उन्होंने कहा इस सिस्टम को पूरी तरह से डिजिटल किया जाएगा।