दिल्ली में AAP पार्षद का पति अरेस्ट, पार्टी कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस का ऐक्शन; जानिए वजह

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी की एक महिला पार्षद के पति को ग्वालियर से गिरफ्तार किया है। पार्षद के पति पर पार्टी के ही एक कार्यकर्ता की जमीन कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। 

दिल्ली में AAP पार्षद का पति अरेस्ट, पार्टी कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस का ऐक्शन; जानिए वजह
प्रतीकात्मक तस्वीर

राजन शर्मा, नई दिल्ली

राजधानी दिल्ली के जैतपुर से आम आदमी पार्टी (आप) की पार्षद और नेशनल काउंसिल सदस्य हेमा वोहरा के पति श्रीचंद वोहरा को जमीन पर कथित कब्जा करने और शिकायतकर्ता को धमकी देने के आरोप में एमपी के ग्वालियर से गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली की कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता राकेश कुमार की शिकायत पर श्रीचंद वोहरा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। राकेश कुमार भी ‘आप’ के कार्यकर्ता हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित राकेश कुमार ने 31 जुलाई को कालिंदी कुंज थाना पुलिस को अपनी शिकायत दी थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया था कि जैतपुर एक्सटेंशन पार्ट-2 के नाला रोड स्थित ए-835ए/10 नंबर की उनकी जमीन वर्ष 2019 में कुछ दिनों के लिए इस्तेमाल करने के लिए श्रीचंद वोहरा को दी थी। आरोप है कि समय पूरा होने के बाद भी उन्होंने जमीन खाली नहीं की और बार-बार कहने के बावजूद कब्जा वापस नहीं किया।

झूठे केस में फंसाने की भी दी धमकी

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने जमीन पर कब्जा बनाए रखने के साथ वहां अलग बिजली मीटर लगाने में भी बाधा डाली। 21 जुलाई 2026 को कथित तौर पर पहली मंजिल से शिकायतकर्ता के एयर कंडीशनर भी उसकी अनुमति के बिना हटा दिए गए। इसका विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे झूठे आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी दी गई।

दिल्ली पुलिस ने किन धाराओं में दर्ज की एफआईआर

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 21 जुलाई को इस विवाद को लेकर कालिंदी कुंज थाने में पीसीआर कॉल मिली थी। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता की लिखित शिकायत लेकर दोनों पक्षों के दस्तावेजों की जांच की और स्थानीय स्तर पर सत्यापन कराया। जांच में प्रथमदृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस द्वारा बीएनएस की धारा 329(4)/351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने श्रीचंद वोहरा को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब जमीन के स्वामित्व, कब्जे और दोनों पक्षों के दावों से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsAAP पार्षद का पति अरेस्ट, पार्टी कार्यकर्ता की शिकायत पर दिल्ली पुलिस का ऐक्शन