AAP ने दिल्ली में अपने स्टूडेंट विंग के लिए नई टीम बनाई, 'धामू' को ASAP का प्रभारी बनाया

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अपने छात्र विंग को मजबूती देने के लिए नई टीम की घोषणा की है। पार्टी की ओर से एक्स पर इसकी जानकारी दी गई है। ये नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं। पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नए नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनकी क्षमता पर भरोसा जताया है।

AAP flag
आम आदमी पार्टी का झंडा।

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई ने अपने छात्र संगठन 'एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स' (ASAP) दिल्ली के लिए नई लीडरशिप टीम की घोषणा की है। धर्मेंद्र रावत को इसका प्रभारी नियुक्त किया गया है। रावत को 'धामू' के नाम से भी जाना जाता है। पार्टी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी गई जानकारी के अनुसार, ईशना गुप्ता और राहुल राय को इस छात्र संगठन का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है।

आप की दिल्ली राज्य इकाई की ओर से घोषित नई नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू हो गई हैं। पार्टी ने कहा कि नया नेतृत्व संगठन की गतिविधियों का संचालन करेगा और राष्ट्रीय राजधानी में छात्रों के बीच आम आदमी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम करेगा।

पार्टी के दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने छात्र संगठन में नए नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी है। भारद्वाज ने पार्टी के छात्र संगठन को मजबूत करने की उनकी क्षमता पर भरोसा जताया है। ये नियुक्तियां ऐसे समय में हुई हैं जब आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपनी संगठनात्मक मौजूदगी को मजबूत करने पर लगातार ध्यान दे रही है।

बता दें कि ASAP का गठन मई 2025 में हुआ था। दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP की हार के कुछ महीनों बाद पार्टी की युवाओं और यूनिवर्सिटी कैंपस में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश के तौर पर इसका गठन किया गया। आम आदमी पार्टी का पुराना छात्र संगठन 'छात्र युवा संघर्ष समिति' (सीवाईएसएस) लगातार चुनावी हार और लंबे समय तक निष्क्रिय रहने के बाद कैंपस से गायब हो गया था। जब अरविंद केजरीवाल आबकारी नीति मामले में जेल गए और पार्टी को चुनावी हार और अंदरूनी टूट का सामना करना पड़ा, तब आम आदमी पार्टी ने कैंपस राजनीति को पुनर्जीवित करने के लिए ASAP का गठन किया।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsAAP ने दिल्ली में अपने स्टूडेंट विंग के लिए नई टीम बनाई, 'धामू' बने प्रभारी