काम की बात: दिल्ली में बिजली सब्सिडी लेने के लिए आधार कार्ड नंबर अनिवार्य, ऊर्जा विभाग ने जारी की अधिसूचना

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली में बिजली सब्सिडी पाने को अब आधार अनिवार्य है। दिल्ली सरकार के ऊर्जा विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अब सभी बिजली उपभोक्ताओं को बिजली कंपनियों और सरकार को आधार नंबर देना होगा।

Aadhaar card number mandatory for electricity subsidy in Delhi
बिजली सब्सिडी के लिए आधार कार्ड नंबर देना जरूरी होगा। AI से बनाई गई तस्वीर

राजधानी दिल्ली में बिजली सब्सिडी का लाभ लेने के लिए अब सभी उपभोक्ताओं को अपना आधार कार्ड देना अनिवार्य कर दिया गया है। उन्हें आधार नंबर की जानकारी बिजली कंपनियों एवं दिल्ली सरकार के साथ साझा करनी होगी। वह पोर्टल पर जाकर या दिल्ली सरकार द्वारा तय किए गए निर्देश के अनुसार, अपने आधार की जानकारी दे सकेंगे। इसे लेकर दिल्ली सरकार के ऊर्जा विभाग ने उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद अधिसूचना जारी कर दी है।

ऊर्जा विभाग की तरफ से जारी की गई अधिसूचना में कहा गया है कि विश्वसनीय पहचान साबित करने के लिए आधार संख्या का उपयोग कई दस्तावेजों की आवश्यकता को खत्म करता है। विभिन्न योजनाओं में सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड की जानकारी ली जाती है। यह प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने में बेहद कारगर है। दिल्ली सरकार के ऊर्जा विभाग द्वारा दिल्ली की वितरण लाइसेंस धारक कंपनियों के माध्यम से उनके क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को बिजली बिल पर सब्सिडी दी जाती है। दिल्ली सरकार इस सब्सिडी का भुगतान करती है।

तय माध्यम से दे सकते हैं जानकारी

उपराज्यपाल की मंजूरी से यह अधिसूचित किया जा रहा है कि उपभोक्ता को सब्सिडी का लाभ प्राप्त करने के लिए आधार की जानकारी अनिवार्य रूप से देनी होगी। वह वेब पोर्टल पर या दिल्ली सरकार द्वारा तय किए गए किसी अन्य माध्यम से इसकी जानकारी दे सकते हैं। अगर किसी के पास आधार कार्ड नहीं है तो वह इसके लिए आवेदन कर सकता है और उसमें आईडी की जानकारी दे सकता है।

प्रक्रिया से ग्राहकों की होगी पहचान

सूत्रों का कहना है कि इस प्रक्रिया के माध्यम से सब्सिडी लेने वाले सभी ग्राहकों की पहचान हो जाएगी। इसके साथ ही यह भी पता चल जाएगा कि एक ही व्यक्ति के नाम पर कितने बिजली मीटर से सब्सिडी ली जा रही है। फिलहाल सरकार सीए नंबर के आधार पर सब्सिडी जारी रखेगी, लेकिन अगर भविष्य में बिजली सब्सिडी की राशि बैंक खाते में भेजी जाती है तो एक व्यक्ति को केवल एक ही मीटर पर सब्सिडी मिल सकती है।

दिल्ली में कितनी मिलती है बिजली सब्सिडी?

बता दें कि कि दिल्ली में बिजली सब्सिडी योजना अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली तत्कालीन आम आदमी पार्टी सरकार में शुरू हुई थी। इसमें प्रतिमाह 0 से 200 यूनिट तक बिजली खपत 100% सब्सिडी मिलती है। इसका मतलब है बिजली पूरी तरह मुफ्त रहती है और बिल 0 आता है। वहीं 201 से 400 यूनिट तक बिजली खपत करने पर पहले 200 यूनिट पर 50% छूट मिलती है और 400 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने पर कोई सब्सिडी नहीं मिलती। पूरा बिल सामान्य दरों पर देना होता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में बिजली सब्सिडी के लिए आधार अनिवार्य, ऊर्जा विभाग ने जारी की अधिसूचना