
उत्तराखंड में बंजी-जंपिंग करने के दौरान टूटी रस्सी, गुरुग्राम का युवक गिरा नीचे; VIDEO वायरल
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के बाद घायल पर्यटक को तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे AIIMS ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्थित एक प्रसिद्ध एडवेंचर हॉटस्पॉट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बंजी जंपिंग करने का सपना लेकर ऊपर चढ़े युवक के लिए यह अनुभव उसकी जिंदगी के सबसे भयानक अनुभव में बदलता हुआ नजर आ रहा है। दरअसल इस युवक ने जैसे ही बंजी जंपिंग के प्लेटफॉर्म से छलांग लगाई, तो उसके कूदते ही रस्सी टूट गई, जिससे कि वजह सुरक्षित रूप से बाउंस बैक होने की बजाय, 83 मीटर की ऊंचाई से सीधे नीचे जा गिरा। रस्सी टूटने के बाद वह युवक सीधे वहां नीचे लगे टीन के शेड पर जाकर गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। इस घटना को देख वहां आसपास मौजूद लोगों की डर के मारे चीखें निकल आईं।
घायल युवक की पहचान गुरुग्राम में रहने वाले 24 वर्षीय बीए छात्र सोनू कुमार के रूप में हुई है और यह दुर्घटना शहर के थ्रिल फैक्ट्री एडवेंचर पार्क में हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे के बाद घायल पर्यटक को तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे AIIMS ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। जहां सोनू के सीने और बाएं हाथ में गंभीर फ्रैक्चर होने का पता चला। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस भयावह दुर्घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर कई हैंडल्स से वायरल हो रहा है। कंटेंट क्रिएटर सुजल ठकराल ने भी इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि युवक के गिरने के बाद क्या हुआ। ठकराल के अनुसार युवक के गिरने के बाद उसे शेड से उताकर नीचे लेकर आया जाता है, इसके बाद उसकी खराब हालत को देखते हुए ठकराल खुद ही अपनी गाड़ी से उसे अस्पताल पहुंचाते हैं, क्योंकि बंजी जंपिंग कराने वालों के पास किसी तरह की मेडिकल सुविधा या एंबुलेंस का इंतजाम नहीं था। उन्होंने बताया कि युवक की हालत बहुत खराब थी और उसके शरीर से काफी खून बह रहा था और वह बुर तरह दर्द से तड़प भी रहा था।
सुजल ने कहा कि इस घटना के बाद यहां स्थित इस तरह के एडवेंचर पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो गई हैं। हालांकि इसके बाद भी कुछ नहीं होगा, क्योंकि इसके संचालक पर्यटकों से पहले ही एक घोषणापत्र पर साइन करवा लेते हैं, जिसमें लिखा होता है कि कुछ भी अनहोनी होने पर उसकी पूरी जिम्मेदारी खुद पर्यटक की होगी। और इस तरह वे अपनी जिम्मेदारी से बच जाते हैं।
उधर सुजल की पोस्ट देखने के बाद यूजर्स ने इस बात पर हैरानी जताई कि रस्सी इतनी आसानी से कैसे टूट गई, साथ ही उन्होंने सवाल भी किया कि बिना उचित जांच के ऐसी गतिविधियों को चलने क्यों दिया जा रहा था। इस बीच एक यूजर ने लिखा कि, 'हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कराओ'। एक अन्य ने लिखा, 'घायल युवक को उनके खिलाफ मामला दर्ज करना चाहिए और उसे मुआवजा मिलना चाहिए।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'भारत में कुछ भी सुरक्षित नहीं है। यहां कोई सुरक्षा विनियमन संस्था नहीं है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'सुरक्षा जाल क्यों नहीं है? सबसे बुरा सपना सच हो गया।'
यह वीडियो 13 नवंबर, 2025 को शेयर किया गया था और कुछ ही घंटों में इसे 3 लाख से ज़्यादा लाइक्स और ढेरों कमेंट्स मिल चुके हैं।





