गाजियाबाद में मुस्लिम युवक के टच हो गई कांवड़, खंडित होने का आरोप लगाकर जमकर पीटा
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में गुलधर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार शाम कांवड़ियों ने कांवड़ खंडित होने का आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर मुस्लिम युवक की पिटाई कर दी।

डॉ महकार, गाजियाबाद
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में गुलधर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार शाम कांवड़ियों ने कांवड़ खंडित होने का आरोप लगाते हुए बीच सड़क पर मुस्लिम युवक की पिटाई कर दी। आरोप है कि युवक को करीब 20 मिनट तक बंधक बनाकर रखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप कांवड़ की दोबारा विधि-विधान से पूजा कराकर कांवड़ियों को उनकी यात्रा पर रवाना किया।
जानकारी के मुताबिक राजस्थान के भरतपुर निवासी सोनू कुमार अपने करीब 15 साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर गांव लौट रहे थे। गुलधर स्टेशन के पास रास्ते में एक युवक से उनकी कांवड़ छू गई। युवक ने अपना नाम इमरान बताया। कांवड़ियों का आरोप था कि इससे उनकी कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और युवक के साथ मारपीट शुरू हो गई। हंगामे की सूचना मिलते ही मधुबन बापूधाम थाना पुलिस और पैदल गश्त टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने भीड़ हटाकर सामान्य कराया।
कांवड़िया सोनू कुमार ने बताया कि वह 21 जुलाई को हरिद्वार से कांवड़ लेकर निकला था और पूरी यात्रा नियमों के अनुसार कर रहा था। उसका कहना है कि कांवड़ खंडित होने से उसकी पूरी तपस्या और मेहनत व्यर्थ हो गई। एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि कांवड़ खंडित होने की सूचना पर भीड़ एकत्र हो गई थी, जिससे विवाद बढ़ा। युवक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


