नोएडा के नामी स्कूल में डराने वाली घटना, बस में बंद कर दिया UKG का बच्चा; 7 घंटे तक रोता-चीखता रहा

Feb 26, 2026 09:21 pm ISTSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नोएडा
share

घर से स्कूल के लिए निकले UKG के बच्चे को बस में नींद लग गई और वह स्कूल में नहीं उतरा और बस के साथ 25 किलोमीटर दूर यार्ड में पहुंच गया। इसके बाद अगले 7 घंटे तक वह उसी बस में फंसा रहा और मदद की गुहार लगाता रहा। बच्चे की मां ने अन्य अभिभावकों को अलर्ट किया है।

नोएडा के नामी स्कूल में डराने वाली घटना, बस में बंद कर दिया UKG का बच्चा; 7 घंटे तक रोता-चीखता रहा

नोएडा से एक बहुत ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है, यहां के एक बेहद प्रतिष्ठित स्कूल में यूकेजी (UKG) क्लास में पढ़ने वाला एक मासूम सुबह स्कूल जाने के लिए बस में सवार हुआ, लेकिन नींद लग जाने की वजह से वह बस में ही सोया रह गया। इसके बाद बस के लापरवाह स्टाफ ने सभी बच्चों के उतरने के बाद बस को चेक किए बिना वाहन को 25 किलोमीटर दूर यार्ड में ले जाकर खड़ा कर दिया। जिसके बाद वह बच्चा भी अगले 6 से 7 घंटे तक भीषण गर्मी में भूखा-प्यासा वहीं पर फंसा रहा और रोते हुए मदद की गुहार लगाता रहा।

उधर स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब बच्चा घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और कई घंटों तक बेटे के लापता होने की मानसिक यातना झेलने के बाद वे जैसे-तैसे बस के यार्ड तक पहुंचे और उन्हें अपना बच्चा मिल गया। बच्चे की मां ने इस पूरे किस्से को सोशल मीडिया पर शेयर किया है और अन्य अभिभावकों से अलर्ट रहते हुए बच्चों की सुरक्षा में जरा सी भी कोताही नहीं बरतने की अपील की है।

बच्चे की मां ने सोशल मीडिया पर शेयर किया दर्द

सोशल मीडिया पर लिखी वायरल पोस्ट में अन्य अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चे की मां ने लिखा, 'यह पोस्ट मैं यह एक बहुत दुखी माँ के तौर पर लिख रही हूँ। आज सुबह, मैंने खुद अपने बेटे को स्कूल बस में बिठाया था। मैंने उसे चढ़ते देखा, हाथ हिलाकर बाय किया, और किसी भी सामान्य दिन की तरह घर वापस आ गई। जब दोपहर में बस वापस आई और उसे लेने के लिए मैं अपनी सोसाइटी के गेट पर गई, तो वह वहां पर नहीं था।'

स्कूल वालों ने जो कहा, उससे बढ़ गई घबराहट

आगे महिला ने लिखा, 'बच्चे के घर नहीं आने पर हमने तुरंत स्कूल को फोन किया। लेकिन उन्होंने जो बताया उसे सुनकर हमारे दिल की धड़कनें बढ़ गईं। हमें बताया गया कि वह आज स्कूल ही नहीं पहुंचा था और क्लास के अटेंडेंस रजिस्टर में भी उसे अनुपस्थित मार्क किया गया था। हालांकि, बस के अटेंडेंस रजिस्टर में उसे उपस्थित बताया गया था।'

'स्कूल नहीं जाने पर आता है मैसेज, लेकिन आज नहीं आया'

आगे उन्होंने बताया, 'स्कूल की तरफ से हमें किसी ने नहीं बताया था कि वह आज स्कूल नहीं आया है और ट्रांसपोर्ट (बस स्टाफ) से भी किसी ने यह नहीं बताया था कि वह नीचे नहीं उतरा। आमतौर पर जब वह स्कूल नहीं जाता है तो हमें इस बारे में मैसेज आ जाता है लेकिन आज हमें ऐसा कोई मैसेज भी नहीं मिला। ऐसे में मेरा बेटा घंटों तक स्कूल नहीं पहुंचा था और किसी को भी यह नहीं पता था कि वह कहां है।'

स्कूल जाते समय बस में सो गया बच्चा, 7 घंटे बाद 25 km दूर रोता हुआ मिला

'ना कोई कुछ बता रहा था, ना जिम्मेदारी ले रहा था'

महिला ने आगे लिखा, 'इसके बाद हम उसकी खोज में घबराते हुए भागकर स्कूल गए। हर जगह कन्फ्यूजन था। कोई साफ जवाब नहीं दे रहा था और ना ही कोई किसी तरह की जिम्मेदारी लेने को तैयार था। माता-पिता के तौर पर हम जिस मानसिक दशा से गुजर रहे थे, उस बारे में तो कुछ भी बताया नहीं जा सकता।'

7 घंटे बाद बच्चा 25 किलोमीटर दूर बस में रोता हुआ मिला

परिजनों की घंटों की भागदौड़ और स्कूल में मचे हंगामे के बाद, आखिरकार वह बच्चा उन्हें स्कूल से लगभग 25 किलोमीटर दूर, नोएडा के एक दूर-दराज के इलाके में बस पार्किंग यार्ड में मिला। महिला ने बताया कि ‘वह लगभग 6-7 घंटे तक बस के अंदर बहुत ज्यादा गर्मी में बिल्कुल लावारिस हालत में रहा। जब वह हमें मिला तो पसीने से लथपथ और घबराया हुआ था, साथ में वह रो भी रहा था।’

बच्चे की मां ने लिखा- हमने जो कुछ भी झेला उसे बता नहीं सकते

बच्चे की मां ने आगे बताया, 'जब आपको यह न पता हो कि आपका बच्चा कहां है, वह सुरक्षित है भी या नहीं, या कहीं कुछ ऐसा तो नहीं हो गया कि जिसके बारे में सोचा भी नहीं जा सकता। बच्चे के लापता रहने के दौरान डर और लाचारी में बीते उन घंटों को मैं शब्दों में बयां तक नहीं कर सकती।'

अन्य अभिभावकों से की अलर्ट रहने की अपील

महिला ने आगे बताया, 'मैं यह इसलिए शेयर कर रही हूं ताकि हर अभिभावक ज्यादा से ज्यादा सावधान रहें।'अन्य अभिभावकों को अलर्ट करने के उद्देश्य से अपनी पोस्ट में बच्चे की मां ने मुख्य रूप से चार अपील कीं। उन्होंने लिखा...

- कृपया खुद पक्का करें कि आपका बच्चा सुरक्षित रूप से बस में चढ़े और उतरे।

- अगर आपका बच्चा स्कूल नहीं पहुंचता है, तो आपको तुरंत बताया जाना चाहिए।

- कृपया पक्का करें कि बच्चों के उतरने के बाद हर बस की फिजिकल जांच हो।

- बस अटेंडेंस और क्लास अटेंडेंस का रियल टाइम में मिलान किया जाना चाहिए।

आगे महिला ने लिखा कि यह बेसिक चाइल्ड सेफ्टी प्रोटोकॉल में एक गंभीर चूक थी और किसी भी पेरेंट को इससे नहीं गुजरना चाहिए। कृपया अलर्ट रहें। हमारे बच्चे पूरी तरह से इस सिस्टम पर और हम पर निर्भर हैं।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।