गाजियाबाद में बड़ा गड़बड़झाला, 92 हजार से अधिक अपात्र लोग ले रहे सरकारी राशन

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद जिले की राशन वितरण प्रणाली में बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। आपूर्ति विभाग को मिली सरकारी रिपोर्ट की मानें तो यहां 92 हजार से अधिक अपात्र लोग अपनी वास्तविक आर्थिक स्थिति छिपाकर राशन ले रहे हैं।

गाजियाबाद में बड़ा गड़बड़झाला, 92 हजार से अधिक अपात्र लोग ले रहे सरकारी राशन

गाजियाबाद जिले में 92 हजार से अधिक अपात्र लोग नियमों का उल्लंघन कर राशन ले रहे हैं। यह खुलासा उत्तर प्रदेश सरकार से जारी आपूर्ति विभाग को मिली रिपोर्ट में हुआ है। इन लोगों में सरकारी नौकरी करने वाले, आयकर दाता, बड़े मकान और बड़े फ्लैट वाले लोग शामिल हैं। शासन स्तर से प्राप्त सूची के आधार पर अब खाद्य और रसद विभाग ऐसे लोगों के राशन कार्ड निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

जांच में खुलासा हुआ है कि जिले में आर्थिक रूप से सक्षम होने के बावजूद 92 हजार 247 अपात्र लोग सरकारी राशन का लाभ ले रहे हैं। यह सभी राशन वितरण के 18 नियमों की अनदेखी कर लगातार राशन उठा रहे हैं।

खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों के मुताबिक राशन कार्ड धारकों की जानकारी का विभिन्न सरकारी विभागों के रिकॉर्ड से मिलान कराया गया। जांच में सामने आया कि बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी वास्तविक आर्थिक स्थिति छिपाकर राशन कार्ड बनवा रखे हैं। कई लाभार्थी ऐसे पाए गए जो आयकर का भुगतान करते हैं, जबकि कुछ के नाम पर फ्लैट, प्लॉट या बड़े आवासीय भवन दर्ज हैं। इसके बावजूद वे सरकारी राशन प्राप्त कर रहे हैं। विभाग अब इन लोगों के राशन कार्ड को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

जांच में जुटा विभाग

जिले में लगभग चार लाख राशन कार्ड पर करीब 12 लाख लोगों को राशन का वितरण किया जा रहा। वहीं, 8500 अंत्योदय कार्ड को भी राशन का दिया जाता है। बताया जा रहा कि आपूर्ति विभाग केंद्र सरकार से जारी की गई सूची में जिन लोगों के नाम हैं,उनके राशन कार्ड की जांच करने में जुट गया है। जांच में अपात्रता की पुष्टि होती है तो उनका नाम लाभार्थी सूची से हटा दिया जाएगा।

सात जिलों की स्थिति

जनपद - अपात्रों की संख्या

गाजियाबाद - 92,227

मेरठ - 99,291

बुलंदशहर - 66,028

गौतमबुद्ध नगर - 41,772

अमरोहा - 37,376

बागपत - 35,312

हापुड़ - 26,896

सालाना लाखों कमाने वाले भी लाभ ले रहे

● पिछले छह महीने से कार्ड का प्रयोग नहीं करने वाले : 20,280

● चार पहिया वाहन स्वामी : 8486

● सालाना दो लाख से अधिक आय वाले : 7333

● डुप्लीकेट राशन कार्ड : 7517

● पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले : 834

● पिछले छह से 12 महीने में कार्ड का प्रयोग नहीं करने वाले : 642

● सालाना 25 लाख से अधिक आय वाले अपात्र : 274

● 100 वर्ष से अधिक उम्र वाले अपात्र :8

● अन्य 10 कारणों में अपात्रों की संख्या : 46,873

अमित तिवारी, जिला आपूर्ति अधिकारी, ''शासन से राशन लेने वाले अपात्र लोगों की सूची मिली है। इन सभी लोगों का सत्यापन कर जांच की जाएगी। यदि ये लोग राशन के नियमों को तोड़कर राशन ले रहे होंगे तो नियम के अनुसार उनके राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।''

रिपोर्ट - मोहित शर्मा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।