गणतंत्र दिवस: रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, बाजार... दिल्ली में लगे आतंकियों के पोस्टर

Jan 19, 2026 12:29 pm ISTMohit लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली पुलिस को इन आतंकवादियों की तलाश है। पोस्टर में ये भी जानकारी दी गई है कि आतंकियों की जानकारी देने वालों को इनाम दिया जाएगा और साथ ही उनकी पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।

गणतंत्र दिवस: रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, बाजार... दिल्ली में लगे आतंकियों के पोस्टर

राजधानी दिल्ली में 77वें गणतंत्र दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और पुख्ता कर दी गई है। दिल्ली पुलिस और जांच एजेंसी अलर्ट पर हैं। खतरे को देखते हुए पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में कुख्यात वांटेड आतंकियों के पोस्ट चस्पा कर दिए हैं। पोस्टर में आतंकियों की तस्वीरों के साथ ये भी जानकारी दी गई है कि दिल्ली पुलिस को इन आतंकवादियों की तलाश है। पोस्टर में ये भी जानकारी दी गई है कि आतंकियों की जानकारी देने वालों को इनाम दिया जाएगा और साथ ही उनकी पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।

पुलिस ने जिन आतंकियों के पोस्टर चस्पा किए हैं वे बब्बर खालसा, जैश-ए-मोहम्मद, खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स, खालिस्तान टाइगर फोर्स और अलकायदा जैसे प्रतिबंधित आतंकी ग्रुप से जुड़े हैं। पुलिस ने आनंद विहार और सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर भी पोस्टर चस्पा किए हैं। कनाडा से बैठकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकी नेटवर्क चला रहा खालिस्तान टाइगर फोर्स का चीफ अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला का भी पोस्ट चस्पा किया गया है।

आतंकियों की जानकारी देने वालों को इनाम दिया जाएगा।

भीड़भाड़ वाले बाजार में भी लगाए गए पोस्टर

आतंकवादियों के पोस्टर दिल्ली के भीड़भाड़ वाले बाजार जैसे सरोजनी नगर, करोल बाग, लाजपत नगर, पहाड़गंज, सदर बाजार और चांदनी चौक में भी चस्पा किए गए हैं। इन बाजारों में रोजाना भारी भीड़ रहती है, जिससे ये सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील हैं।

अहम इलाकों में की गई मॉक ड्रिल

उत्तरी दिल्ली के संवेदनशील समेत भीड़ वाले इलाकों में आतंकवादरोधी ‘मॉक ड्रिल’ भी की जा चुकी है। लाल किला, दिल्ली विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन, आईएसबीटी कश्मीरी गेट और लाहौरी गेट क्षेत्र में खारी बावली सहित संवेदनशील स्थानों पर चार ‘मॉक ड्रिल’ की जा चुकी है। दिल्ली पुलिस, स्वाट, पीसीआर, दिल्ली फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता और अन्य एजेंसियों ने इसमें हिस्सा लिया था।

Mohit

लेखक के बारे में

Mohit
मोहित ने पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान आईआईएमसी दिल्ली से की है। 2016 में डिजिटल मीडिया डेब्यू। अमर उजाला से शुरुआत फिर एनडीटीवी और जनसत्ता से होकर अब लाइव हिंदुस्तान में बतौर डिप्टी कंटेट प्रोड्यूसर पद पर कार्यरत। स्पोर्ट्स की वेब स्टोरीज कवर करते हैं। पॉलिटिक्स में दिलचस्पी रखते हैं। खाली समय में गेम खेलना और खाना पसंद है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।