दिल्ली में 72 वर्षीय CA का घर लूटा, फिर मारपीट कर किया किडनैप; 50 लाख फिरौती न मिलने पर…
दिल्ली पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बुजुर्ग को घर में अकेला पाकर पहले बंधक बनाया, फिर लूटपाट की और बाद में उन्हें अगवा कर ले गए।

दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके सैनिक फार्म में रहने वाले 72 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के साथ लूट और किडनैपिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बुजुर्ग को घर में अकेला पाकर पहले बंधक बनाया, फिर लूटपाट की और बाद में उन्हें अगवा कर ले गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना 2 मई की शाम करीब 7:45 बजे की है। उस समय बुजुर्ग अपने सैनिक फार्म स्थित घर में अकेले थे। इसी दौरान तीन आरोपी जबरन घर में घुस आए। आरोपियों ने बुजुर्ग को काबू में कर उनके साथ मारपीट की और टेप से बांध दिया। इसके बाद घर में रखी नकदी और कीमती सामान लूट लिया।
आरोपियों ने अलमारी से करीब 5 लाख रुपये, दराज में रखे 8 से 10 हजार रुपये, नकदी से भरा पर्स, तीन अंगूठियां और कई जरूरी दस्तावेज लूट लिए। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, क्रेडिट कार्ड और मोबाइल फोन भी शामिल था।
लूटपाट के बाद आरोपी बुजुर्ग को उनकी ही कार में जबरन बैठाकर मेरठ की ओर ले गए। रास्ते में आरोपियों ने उनसे 50 लाख रुपये की मांग की। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बुजुर्ग पर दबाव बनाते हुए उन्हें एक परिचित को फोन करने के लिए मजबूर किया, ताकि किसी दुर्घटना का बहाना बनाकर 15 लाख रुपये का इंतजाम कराया जा सके।
हालांकि जब आरोपी पैसे हासिल करने में नाकाम रहे तो वे बुजुर्ग को हरियाणा के फिरोजपुर झिरका इलाके में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उनकी कार समेत छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित किसी तरह पुलिस तक पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। मेडिकल जांच में उनके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद नेब सराय थाना पुलिस ने अपहरण, लूट, मारपीट और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कई टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लोकल इन्क्वायरी की और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान की।
करीब 36 घंटे की पीछा कार्रवाई के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के फतेहाबाद निवासी 31 वर्षीय सुरेंद्र और दिल्ली के कालकाजी की रहने वाली 40 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। पुलिस ने लूटी गई रकम में से 4 लाख रुपये, पीड़ित का पर्स, कार और वारदात में इस्तेमाल की गई एयर गन बरामद कर ली है। मामले की आगे जांच जारी है।
लेखक के बारे में
Ratan Guptaरतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।
रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।
लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।
रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।
इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।
और पढ़ें

