
इंडिगो संकट के बीच 3 दिन में हिंडन एयरपोर्ट से 5 हजार टिकट हुए थे रद्द
इंडिगो संकट के बीच गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले करीब 5 हजार यात्रियों के टिकट रद्द हुए। इनमें से साढ़े तीन हजार यात्री 3, 4 और 5 दिसंबर के बताए जा रहे हैं, जिन दिनों में सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं।
इंडिगो संकट के बीच गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले करीब 5 हजार यात्रियों के टिकट रद्द हुए। इनमें से साढ़े तीन हजार यात्री 3, 4 और 5 दिसंबर के बताए जा रहे हैं, जिन दिनों में सबसे ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं।
हिंडन एयरपोर्ट पर दो दिसंबर से ही इंडिगो की उड़ानें रद्द होना शुरू हो गई थीं। पहले दो दिन मुंबई की उड़ानें रद्द हुई थीं। 4 दिसंबर को 8 उड़ानें और 5 दिसंबर को 14 उड़ानें रद्द हुई थीं। इसके बाद से ही रद्द होने वाली उड़ानों की पूर्व सूचना मिलनी शुरू हो गई थी। गाजियाबाद से कुल 36 उड़ानें इस दौरान रद्द रहीं और इनमें बुक कराई गईं करीब पांच हजार टिकट रद्द कराई गईं। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक क्षतिपूर्ति वाले दायरे में 24 उड़ानें और साढ़े तीन हजार से अधिक टिकट आ रहे हैं।
इंडिगो ने अपनी ओर से जारी सूचना में कहा है कि जो यात्री एयरपोर्ट पर काफी लंबे समय तक फंसे रहे उन्हें सरकार द्वारा तय क्षतिपूर्ति के अतिरिक्त कंपनी की ओर से एक वाउचर भी दिया जाएगा। तीन दिन में सबसे ज्यादा संकट के समय परेशान यात्रियों का सवाल है कि उन्हें क्षतिपूर्ति का लाभ कैसे मिलेगा। कुछ यात्रियों ने हिंडन एयरपोर्ट के हेल्पलाइन नंबर पर भी इसके लिए संपर्क किया है।
क्षतिपूर्ति कितनी और कैसे मिलेगी, इसके बारे में एयरपोर्ट प्रबंधन को जानकारी नहीं है।
हिंडन एयरपोर्ट प्राधिकरण के प्रबंधक डॉ. चिलका महेश का कहना है कि इंडिगो की सभी उड़ानों में 80-90 फीसदी तक टिकट बुक रहते हैं। 2 से 8 दिसंबर तक करीब 5 हजार टिकट रद्द किए गए। एयरलाइंस के अधिकारियों से बात कर सभी के रिफंड की प्रक्रिया भी तुरंत शुरू करा दी गई थी। क्षतिपूर्ति को लेकर यात्रियों को एयरलाइंस कंपनी से ही संपर्क करना होगा। इसकी जानकारी प्रबंधन के पास नहीं है।
रद्द टिकट का रिफंड न मिलने की शिकायत
इंडिगो की ओर से क्षतिपूर्ति की घोषणा के बीच कुछ यात्रियों ने रद्द टिकट का रिफंड न होने की समस्या उठाई है। सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राकेश कुमार ने बताया कि 5 दिसंबर को अहमदाबाद से हिंडन की उड़ान अचानक रद्द की गई थी। इसका रिफंड अब तक नहीं मिला है। इससे पहले दिल्ली से अहमदाबाद की उड़ान भी रद्द हो गई थी और इसकी टिकट के रुपये भी नहीं लौटाए गए हैं।





