काम की बात: गुरुग्राम में यहां बनेंगे 5 अंडरपास, हीरो होंडा रोड को एलिवेटेड बनाने पर फैसला जल्द

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर में कई बड़ी सड़क परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसमें 5 बड़े चौराहों पर अंडरपास बनाने और रोड को सिग्नल फ्री बनाने

गुरुग्राम में यहां बनेंगे 5 अंडरपास, हीरो होंडा रोड को एलिवेटेड बनाने पर फैसला जल्द

गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड की तर्ज पर इफ्को चौक से लेकर प्रस्तावित ग्रेटर एसपीआर तक रोड तक का निर्माण किया जाएगा। रोड को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा। पांच मुख्य चौराहों पर अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। वहीं, हीरो होंडा रोड को एलिवेटेड बनाया जाए या नहीं। इसको लेकर सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की तरफ से फैसला लिया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के प्रस्ताव को हरियाणा सरकार ने सड़क मंत्रालय के पास भेज दिया है।

इफ्को चौक को इस रोड से जोड़ने के लिए क्लोवरलीफ, फ्लाईओवर को डिजाइन किया जाएगा। अगले एक महीने के अंदर फिजिबिलिटी सर्वे हो जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात जाम कम करने के लिए इफ्को चौक से लेकर ग्रेटर एसपीआर तक करीब 10 किमी लंबी सड़क को यातायात सिग्नल फ्री करने की योजना बनाई है।

इसके तहत जेड चौक, आरडी सिटी चौक, सेक्टर-52 चौक, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और सेक्टर-61-62 चौक पर अंडरपास बनाए जाएंगे। इसकी फिजिलिटी सर्वे करने की लिए एक कंपनी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। यह कंपनी अगले महीने तक अपनी रिपोर्ट दे देगी। इस सड़क के बीच में पड़ रहे अन्य चौराहों को इस सड़क से कैसे जोड़ा जाए, इसकी योजना भी बनेगी। इसके निर्माण में करीब एक हजार करोड़ रुपये लागत आने का अनुमान है।

जेड चौक पर मंजूरी मिल चुकी

मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप जेड चौक पर अंडरपास बनाने की मंजूरी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से दी जा चुकी है। तीन-तीन लेन के इस अंडरपास के बनने से इस चौराहे पर यातायात जाम नहीं लगेगा।

मौजूदा समय में लोगों को कई बार 10 से 15 मिनट इस चौराहे को पार करने में लग जाते हैं। एचएमआरटीसी ने गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सेक्टर-56 से सेक्टर-पांच तक मेट्रो मार्ग का निर्माण करने की है।

गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन भी इस मुख्य सड़क के कुछ हिस्से पर चलेगी। जीएमडीए ने सलाहकार कंपनी को इन दोनों परियोजनाओं के बारे में जानकारी दे दी है। इसके तहत डिजाइन तैयार किया जा रहा है।

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दबाव कम होगा

मानेसर जाने के लिए यह एक वैकल्पिक रोड बन जाएगी। मौजूदा समय में दिल्ली और जयपुर से आ रहे वाहन चालक आवागमन के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन इफ्को चौक से ग्रेटर एसपीआर होते हुए मानेसर तक जाने के लिए यह एक वैकल्पिक बन जाएगा। इसके बनने के बाद दिल्ली-जयपुर हाईवे पर इफ्को चौक से लेकर मानेसर के बीच वाहनों का दबाव कम हो जाएगा।

हरियाणा सरकार ने सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को भेजी फाइल

जीएमडीए के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अमित गोदारा ने बताया कि हीरो होंडा रोड को एलिवेटेड बनाने को लेकर सड़क एवं परिवहन मंत्रालय में फैसला होगा। हरियाणा सरकार ने मंत्रालय को फाइल भेज दी है। जीएमडीए ने सात साल पहले दिल्ली-जयपुर हाईवे को हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक और बसई चौक होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना बनाई थी। उमंग भारद्वाज चौक से बसई चौक होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे तक करीब चार साल पहले जीएमडीए ने सड़क और फ्लाईओवर का निर्माण कर दिया। हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक करीब तीन किमी की सड़क कागजों में फंस गई। जीएमडीए के तत्कालीन अधिकारियों ने फैसला लिया था कि इस मुख्य सड़क का निर्माण एनएचएआई से करवाया जाए, डिजाइन फाइनल नहीं हो सका है।

अमित गोदारा, एक्जीक्यूटिव इंजीनियर, जीएमडीए, ''इफ्को चौक से लेकर ग्रेटर एसपीआर तक सड़क को सिग्नल फ्री करने की योजना है। ऐसे में मुख्य चौराहों पर अंडरपास बनाए जाएंगे। किसी चौराहे पर यदि यातायात अधिक है तो उसके ऊपर भी अंडरपास बनाया जाएगा। इसके लिए फिजिबिलिटी सर्वे चल रहा है। जल्द रिपोर्ट आ जाएगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।