
दिल्ली में 400KM सड़कों का अब दिन में भी होगा काम, यहां बढ़ जाएगा ट्रैफिक जाम
दिल्ली में मार्च 2026 तक 400 किलोमीटर सड़कें फिर से बनाने की योजना है। पहले से ही ट्रैफिक समस्या से जूझ रही दिल्ली में अब दिन में भी कंस्ट्रक्शन का काम शुरू हो सकता है। सरकार ने मंजूरी मांगी है।
दिल्ली में मार्च 2026 तक 400 किलोमीटर सड़कें फिर से बनाने की योजना है। पहले से ही ट्रैफिक समस्या से जूझ रही दिल्ली में अब दिन में भी कंस्ट्रक्शन का काम शुरू हो सकता है। इसके लिए दिल्ली सरकार ने ट्रैफिक पुलिस से औपचारिक तौर पर हरी झंडी मांगी है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से हरी झंडी मिलने के बाद दिल्ली की सड़कों पर दिन में भी काम शुरू हो जाएगा और ज्यादा बैरिकेड्स के कारण लोगों को सड़कों पर काफी समस्या का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, सड़कों को बनाने में तापमान एक बड़ी समस्या बनकर सामने आ रहा है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार, नई सड़क बनाने के लिए सतह का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा होना चाहिए। दिल्ली में रात के समय 15 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तापमान फरवरी तक नहीं रहेगा। ऐसे में रात में सड़क निर्माण संभव नहीं हो पाएगा। इसलिए अब दिल्ली सरकार ने दिन में सड़कों का काम शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस से मंजूरी मांगी गई है। पीडब्ल्यूडी के एक अधिकारी ने कहा कि दिन में काम शुरू करना जरूरी है, क्योंकि काम में देरी करने से पूरा प्रोजेक्ट पटरी से उतर जाएगा।
दिल्ली सरकार ने 400 किलोमीटर सड़कों का काम शुरू कर दिया है। यह दर्जनों कॉरिडोर में फैला हुआ है। इसमें से 300 किलोमीटर सड़कें सेंट्रल रोड फंड और 100 किलोमीटर स्टेट रोड फंड के तहत बनाया जा रहा है। इसमें बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, सुरक्षित और लगातार चलने वाले फुटपाथ, नए डिज़ाइन वाले जंक्शन, इंटीग्रेटेड मोबिलिटी सुधार किया जाएगा।
कौन सी सड़कें होंगी प्रभावित
ईस्टर्न अप्रोच रोड, वज़ीराबाद
रोड नंबर 68, नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली
ओल्ड GT रोड के हिस्से
लोनी बॉर्डर कॉरिडोर
नरेला-अलीपुर रोड
भजनपुरा-यमुना विहार मेन रोड
सीलमपुर-शास्त्री पार्क स्ट्रेच
करावल नगर कॉरिडोर
प्रेस एन्क्लेव रोड
खेल गांव मार्ग
सूरजकुंड रोड
बिपिन चंद्र पाल मार्ग-CR पार्क स्ट्रेच
शेख सराय-पंचशील रोड
मंदिर मार्ग-करोल बाग कनेक्टर
न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी लिंक रोड
रजोकरी-NH48 सर्विस लेन जो एयरपोर्ट और गुड़गांव की ओर जाती है





