काम की बात: फरीदाबाद में बनेगा एक और नया फ्लाईओवर, कई बड़े चौक-चौराहे होंगे जाम फ्री; DPR का काम शुरू
फरीदाबाद शहर को जल्द ही एक और नया फ्लाईओवर मिल सकता है। हरियाणा सरकार द्वारा इसके लिए मंजूरी दिए जाने के बाद एफएमडीए ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। यह फ्लाईओवर 4 लेन का होगा, जो, तीन नंबर पुलिया से दशहरा मैदान तक बनाया जाएगा।

फरीदाबाद शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने ने लिए तीन नंबर पुलिया से दशहरा मैदान तक 4 लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित फ्लाईओवर अवंतीबाई चौक और ईएसआई चौक से होकर गुजरेगा।
शहर के पूर्वी क्षेत्र ग्रेटर फरीदाबाद को एनआईटी क्षेत्र के सैनिक कॉलोनी के छोर को जोड़ने के लिए अभी कनेक्टिविटी का काफी अभाव है। दोनों क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के लिए कोई सीधी सड़क नहीं होने से वाहन चालकों को कई जगहों के चक्कर काट कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता है। इस दौरान उन्हें लंबे जाम से भी जूझना पड़ता है। इससे मिनटों का समय घटों में तय होता है। इसे लेकर पिछले दिनों बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने मुख्यमंत्री ने बड़खल विधानसभा क्षेत्र में जाम खत्म करने के लिए सैनिक कॉलोनी चौक से ईएसआईसी चौक तक एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने की मांग की थी।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद एफएमडीए अधिकारियों ने ईस्ट-वेस्ट परियोजना की डीपीआर तैयार करने के साथ ही नए रूट का सर्वे करने की तैयारी की है, जिसके तहत ईएसआईसी चौक से सैनिक कॉलोनी तक 1600 मीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा। शहर तीन हिस्सों में बंटा हुआ है। एनआईटी क्षेत्र के लोगों को अभी सेक्टर 12 या ओल्ड फरीदाबाद जाने के लिए नीलम, बाटा और एनएचपीसी रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) को पार करना पड़ता है।
यू-टर्न सड़क बनाने की योजना
इसके बाद हाईवे पर बने अंडरपास को पार कर सेक्टर-12 और बाईपास के पास आगरा नहर को पार कर ग्रेटर फरीदाबाद पहुंचना पड़ता है, जिससे लोगों को जाम में फंसना पड़ता है। ऐसे में लोगों को सुगम मार्ग उपलब्ध कराने के लिए ईस्ट-वेस्ट परियोजना पर काम शुरू किया गया है। दोनों क्षेत्रों के बीच बेहतर यातायात के लिए यू-टर्न सड़क बनाने की योजना तैयार की गई है। पिछले दिनों बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा ने इसकी मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी।
फ्लाईओवर और अंडरपास बनेंगे
ईस्ट-वेस्ट परियोजना के तहत सात जगहों पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जाने प्रस्तावित है। इनमें बड़खल गांव के ऊपर से एक फ्लाईओवर निकाला जाएगा। दूसरा फ्लाईओवर सैनिक कॉलोनी मोड़ पर गुरुग्राम रोड से उतरते बड़खल रोड तक बनाया जाएगा है। तीसरा फ्लाईओवर बड़खल गांव में पार करते हुए झील के साथ बनेगा। चौथा फ्लाईओवर अनखीर चौक पर होगा, जो अनखीर-गुरुग्राम को जोड़ेगा।
तकनीकी पहलुओं का किया जाएगा निरीक्षण
एफएमडीए की ओर से इस परियोजना की डीपीआर तैयार करने के लिए तकनीकी कंसल्टेंट की सेवाएं लेने की प्रक्रिया शुरू की गई है। चयनित कंसल्टेंट को प्रस्तावित फ्लाईओवर से जुड़ी तकनीकी संभावनाओं, डिजाइन, निर्माण की जरूरतों और परियोजना की व्यवहारिकता का विस्तृत अध्ययन करना होगा। डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण को लेकर आगे की प्रक्रिया तय होगी। अधिकारियों ने बताया कि 3 नंबर पुलिया, अवंतीबाई चौक और ईएसआई चौक शहर के व्यस्त हिस्सों में शामिल हैं।
केएस पठानिया, कार्यकारी अभियंता, एफएमडीए, ''सैनिक कॉलोनी से ईएसआई चौक तक एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने के डिजाइन को लेकर शनिवार को चौक का निरीक्षण किया है। निर्माण कार्य में आने वाली रुकावटों की भी जांच की गई।''


