काम की बात: ग्रेटर नोएडा में बनेगा 4 KM लंबा नया एलिवेटेड रोड, DSC रोड पर दादरी तक नॉन स्टॉप सफर;

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

ग्रेटर नोएडा में जल्द ही एक और नया एलिवेटेड रोड बनाने की योजना है। उत्तर प्रदेश सेतु निगम को सर्वे और डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बनने से डीएससी रोड पर तिलपता गांव के पास हर दिन लगने वाले जाम से लोगों को मिल सकती है।

ग्रेटर नोएडा में बनेगा 4 KM लंबा नया एलिवेटेड रोड, DSC रोड पर दादरी तक नॉन स्टॉप सफर;

ग्रेटर नोएडा के तिलपता में डीएससी (दादरी-छलेरा-सूरजपुर) रोड पर हर दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। तिलपता में चार किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। इसके लिए सीईओ की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद सर्वे और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए उत्तर प्रदेश सेतु निगम को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

उत्तर प्रदेश सेतु निगम को 35 लाख दिए

वरिष्ठ प्रबंधक परियोजना विभाग प्रभात शंकर ने बताया कि सर्वे और डीपीआर तैयार करने के लिए उत्तर प्रदेश सेतु निगम को 35 लाख दिए गए हैं। एलिवेटेड रोड कितने लेन का होगा, यह सर्वे के बाद ही पता चल पाएगा।

ये होगा एलिवेटेड रोड का रूट

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, यह प्रस्तावित एलिवेटेड रोड तिलपता गोलचक्कर के पास स्थित पुलिस चौकी के पास से शुरू होकर कंटेनर डिपो के पास उतरेगा। इससे दादरी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रूपबास बाइपास से जुड़ाव आसान हो जाएगा। दादरी जीटी रोड और आसपास के इलाके लिए आवागमन सुगम हो जाएगा।

कंटेनर डिपो के लिए जाने वाले भारी वाहन एलिवेटेड रोड के ऊपर से होकर जाएंगे। वहीं, मौजूदा सड़क पहले की तरह स्थानीय लोगों के लिए खुली रहेगी। इससे तिलपता में लगने वाले जाम की समस्या दूर हो जाएगी। डीपीआर तैयार होने के बाद प्राधिकरण इस परियोजना पर काम तेज करेगा।

एलिवेटेड रोड बनाना इसलिए जरूरी

शहर में दिन-प्रतिदिन ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए सभी प्रमुख सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। तिलपता में डीएससी रोड की योजना बनाई गई थी, लेकिन यहां पर ग्रामीणों के विरोध के चलते काम करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। मौजूदा सड़क के किनारे बहुत कम जगह खाली पड़ी है। नोएडा एयरपोर्ट से हवाई जहाजों की उड़ान में उड़ान शुरू हो गई है। ऐसे में 130 मीटर चौड़ी सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है।

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ''तिलपता गोलचक्कर और कंटेनर डिपो के पास ट्रैफिक का बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए एलिवेटेड रोड का निर्णय लिया गया है। उत्तर प्रदेश सेतु निगम को सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार करने के लिए कहा गया है। इससे भारी वाहनों का दबाव मुख्य सड़क से हट जाएगा।''

बता दें कि, नोएडा एयरपोर्ट पर अभी केवल कुछ शहरों के लिए डोमेस्टिक और कार्गो सेवा की शुरुआत की गई है। लेकिन इस एयरपोर्ट के पूरी तरह से चालू होने के बाद नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ ही पूरे एनसीआर में सड़कों पर ट्रैफिक दबाव और बढ़ने के आसार हैं। इसे देखते हुए यहां नए-नए रोड और एक्सप्रेसवे बनाने की योजना हैं, वहीं मेट्रो से लेकर नमो भारत और बुलेट ट्रेन भी चलाने की तैयारी तेजी से चल रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।