गुरुग्राम : पड़ोसी ने घर से 4 KM दूर ले जाकर बच्ची से रेप, मर्डर कर गड्ढे में छुपाई लाश; ऐसे खुला राज

Feb 21, 2026 07:17 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
share

गुरुग्राम में पड़ोसी युवक द्वारा मासूम बच्ची से रेप के बाद हत्या से आसपास के लोग सकते में हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी युवक घर के बाहर खेल रही बच्ची को सामान दिलाने के बहाने 4 किलोमीटर दूर ले गया। वहां पर उसके साथ हैवानियत की और फिर शव को गड्ढे में दबा दिया।

गुरुग्राम : पड़ोसी ने घर से 4 KM दूर ले जाकर बच्ची से रेप, मर्डर कर गड्ढे में छुपाई लाश; ऐसे खुला राज

गुरुग्राम में पड़ोसी युवक द्वारा साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या से आसपास के लोग सकते में हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी युवक घर के बाहर खेल रही बच्ची को सामान दिलाने के बहाने 4 किलोमीटर दूर ले गया। वहां पर उसके साथ हैवानियत की और फिर शव को गड्ढे में दबा दिया।

परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार शाम 7 बजे के लगभग जब बच्ची घर नहीं पहुंची तो मां ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिली। बच्ची के पिता 8 बजे घर पहुंचे, तो उन्होंने ने भी लगभग साढ़े चार घंटे तक पूरे इलाके में बेटी को तलाश किया। बच्ची के नहीं मिलने पर पिता ने गुरुवार देर रात साढ़े 12 बजे पुलिस को फोन कर बच्ची के गुम होने की सूचना दी। सेक्टर-37 थाने से पुलिस मौके पर पहुंचे और बच्ची को ढूंढने के लिए इलाके में तलाश शुरू की, लेकिन एक घंटे की मशक्कत के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।

सीसीटीवी कैमरे से मिला सुराग : पुलिस टीम ने गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। कई दुकान और मकानों पर लगे कैमरे बंद या खराब मिले। जांच के दौरान रात पौने 2 बजे के लगभग पुलिस को दो जगह सीसीटीवी फुटेज मिलीं, जिसमें आरोपी बच्ची को अपने साथ लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। परिजनों को दिखाने पर पता चला कि जिस युवक के साथ बच्ची जा रही है वह उनका पड़ोसी है। देर रात ढाई बजे पुलिस ने आरोपी को सेक्टर-37 स्थित कंपनी से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस ने स्निफर डॉग (खोजी कुत्ते) की भी मदद ली।

आरोपी ने शुरू में पुलिस को गुमराह किया : आरोपी शिवनाथ ने पुलिस को शुरुआत में गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने के बाद उसने जुर्म कबूल कर लिया और पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया। उसके बाद आरोपी की निशानदेही पर देर रात तीन बजे के लगभग सेक्टर-37 के सुनसान इलाके में एक गड्ढे से पुलिस ने बच्ची के शव को बरामद किया।

आरोपी एक बच्ची का पिता

घटना की जानकारी के बाद सेक्टर-37 थाना प्रभारी मंजित सिंह और एसीपी मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेसिंक टीम को बुलाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी गांव में लगभग 3 साल से अपनी मां और पिता के साथ रह रहा था। आरोपी की कुछ साल पहले शादी हो चुकी है और उसकी डेढ़ साल की बच्ची भी है, लेकिन कुछ समय से पत्नी बच्ची को लेकर उससे अलग रह रही है। पीड़ित परिवार मूलरूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। आरोपी के अलावा उसके पिता और मां भी किसी कंपनी में काम करते हैं।

सलाह : बच्चों को कभी अकेला न छोड़ें

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाहे घर के बाहर खेल का मैदान हो या पास की दुकान, छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें। यदि आप व्यस्त हैं, तो सुनिश्चित करें कि घर का कोई भरोसेमंद उसके साथ हो। बच्चों के साथ होने वाले अपराधों में अक्सर कोई करीबी, परिचित या पड़ोसी ही शामिल होता है।

संदीप तूरन, पुलिस प्रवक्ता, ''पुलिस ने बच्ची के शव को बरामद करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बच्ची के पड़ोस में रहता है और सामान दिलाने के बहाने बच्ची को लेकर गया था। दुष्कर्म के बाद बच्ची इस बारे में किसी को न बता दे, इसी डर से उसकी हत्या कर दी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।