नोएडा के डूब क्षेत्र की 40 से अधिक कॉलोनियों में हर महीने 35 करोड़ की बिजली चोरी, ऐसे चल रहा खेल

Feb 14, 2026 08:21 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share

नोएडा शहर के डूब क्षेत्र की 40 से अधिक कॉलोनियों में हर महीने करीब 35 करोड़ रुपये की बिजली चोरी हो रही है। यह बिजली चोरी अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से हो रही है।  

नोएडा के डूब क्षेत्र की 40 से अधिक कॉलोनियों में हर महीने 35 करोड़ की बिजली चोरी, ऐसे चल रहा खेल

नोएडा शहर के डूब क्षेत्र की 40 से अधिक कॉलोनियों में हर महीने करीब 35 करोड़ रुपये की बिजली चोरी हो रही है। यह बिजली चोरी अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से हो रही है। इससे जहां बिजली अधिकारियों व ठेकेदारों की जेबें भर रही हैं, वहीं विद्युत निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है।

डूब क्षेत्र में चोटपुर कॉलोनी, छिजारसी कॉलोनी, बहलोलपुर कॉलोनी, सोरखा कॉलोनी, कुलेसरा कॉलोनी व हल्दौनी कॉलोनी आदि गांवों की कॉलोनियां आती है। विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार इन कॉलोनियों में 70 हजार से अधिक परिवार रहते हैं, जोकि फ्रीज, वॉशिंग मशीन व एसी आदि का खूब प्रयोग कर रहे हैं। इन उपभोक्ताओं पर औसतन पांच हजार रुपये बिल बनता है। कनेक्शन नहीं होने की वजह से इन क्षेत्रों के उपभोक्ता कॉलोनी में बिजली के ठेकेदारों को रुपये देकर बिजली का प्रयोग कर रहे हैं।

कुछ उपभोक्ता बिजली अधिकारी और ठेकेदारों की मिलीभगत की शिकायतें सोशल मीडिया के अलावा लिखित में विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों से कर रहे हैं। परंतु विभाग के अधिकारियों द्वारा कोई सुनवाई नहीं हो रही है। डूब क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली अधिकारियों ने डूब क्षेत्र की कॉलोनियों में ठेकेदार नियुक्त किए हुए हैं। ये ठेकेदार ही कॉलोनियों में लोगों से बिजली के बिल की वूसली करते हैं।

झुग्गी-झोपड़ी में मिल रहे कनेक्शन तो डूब क्षेत्र में क्यों नहीं

ऊर्जा मंत्रालय द्वारा प्रदेश में हर घर को रोशन करने के मकसद से सौभाग्य योजना के तहत निशुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए। झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जबकि घनी आबादी वाली डूब क्षेत्र के पक्के मकानों की कॉलोनियों में प्री-पेड मीटर पर भी कनेक्शन नहीं दिए जा रहे हैं।

डूब क्षेत्र के लोगों के आरोप

सोरखा कॉलोनी के अभिषेक कुमार और राहुल सिंह ने आरोप है कि विद्युत निगम ने डूब क्षेत्र में बिजली चोरी कराने के लिए ठेकेदार छोड़े हुए हैं। इसके लिए ठेकेदार हर मकान से पांच हजार रुपये मासिक रूप से वसूल रहे हैं। अगर कोई नहीं दे पा रहे तो उनके घर में मीटर लगाया जा रहा है।

इस तरह हो रही चोरी

डूब क्षेत्र में लोगों ने विद्युत निगम की लाइनों से अवैध कटिया जोड़कर बिजली चोरी कर रहे हैं। इसी तरह प्राधिकरण के स्ट्रीट पोल से हो रहा है। आरोप है कि डूब क्षेत्र में नलकूप के नाम पर कनेक्शन ले रखा है। फिर उस कनेक्शन से डूब क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति की जा रही है।

पकड़ में आए मामले

विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों के आदेश पर डूब क्षेत्र की कॉलोनियों में छापे की कार्रवाई भी की गई। इसमें सैंकड़ों लोग चोरी से बिजली का प्रयोग करते मिले हैं, जिन पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया गया। बिजली विभाग के अधिकारी भी करोड़ों रुपये के राजस्व के नुकसान की बात स्वीकार कर रहे हैं। वहीं डूब क्षेत्र के निवासी अनिल ने बताया कि जुर्माना देने के लिए तैयार है, परंतु उन्हें कनेक्शन तो दिए जाएं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।