दिल्ली को स्वास्थ्य की नई सौगात, 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 17 जन औषधि केंद्र शुरू

Jun 17, 2025 01:37 pm ISTPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। वार्ता
share

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने आज राजधानी की जनता को स्वास्थ्य की एक और बड़ी सौगात दी है। आज राजधानी में आज 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 17 जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन किया जा रहा है। सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को तीस हजारी कोर्ट परिसर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया।

दिल्ली को स्वास्थ्य की नई सौगात, 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 17 जन औषधि केंद्र शुरू

दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने आज राजधानी की जनता को स्वास्थ्य की एक और बड़ी सौगात दी है। आज राजधानी में आज 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 17 जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन किया जा रहा है। सीएम रेखा गुप्ता ने मंगलवार को तीस हजारी कोर्ट परिसर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। मिलाकर दिल्ली के सभी कैबिनेट मंत्री अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में इन केंद्रों का उद्घाटन करेंगे।

इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में आज एक साथ 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 17 जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पांच साल पहले 2400 करोड़ रुपये धनराशि दिल्ली सरकार को दी गई, लेकिन पिछली सरकार ने अपने अहम के चक्कर में इस धनराशि का इस्तेमाल नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार बनने के बाद उस धनराशि का इस्तेमाल किया जा रहा है और अगले साल मार्च तक 1140 आरोग्य मंदिर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोग्य मंदिर और मोहल्ला क्लीनिक में जमीन-आसमान का फर्क है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां आरोग्य मंदिर खुलते जाएंगे वहां पर मोहल्ला क्लीनिक को बंद कर दिया जाएगा। आरोग्य मंदिर में हर प्रकार की जांच की सुविधा होगी और वहां क्वालिफाइड डॉक्टर होंगे।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने जन औषधि केंद्र सिर्फ इसलिए नहीं खोले क्योंकि उसमें प्रधानमंत्री जुड़ा था, लेकिन हमारी सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों में जन औषधि केंद्र खोलने का निर्णय लिया है और आज 17 जन औषधि केंद्र खोले गए हैं।

मोहल्ला क्लीनिक थे भ्रष्टाचार का बड़ा अड्डा : रेखा गुप्ता

रेखा गुप्ता पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के मोहल्ला क्लीनिक को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा अड्डा करार देते हुए कहा कि इलाज के नाम पर जनता को सिर्फ धोखा दिया गया। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार में मोहल्ला क्लीनिक की क्या स्थिति थी यह किसी से छिपी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मोहल्ला क्लीनिक पूरी तरह से घोटाला था। इसमें न देखभाल थी, न दवाएं। इसका एकमात्र उद्देश्य पैसा कमाना था। मोहल्ला क्लीनिक के नाम पर नालों और गंदी जगहों पर पोर्टा केबिन में इन्हें खोला गया, जहां प्रति मरीज 40 रुपये के हिसाब से डॉक्टर को भुगतान किया जाता था। ऐसी स्थिति में इलाज की गुणवत्ता की कल्पना की जा सकती है।” उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मोहल्ला क्लीनिक बनाने के नाम पर जो किराये पर जगह ली गई उसमें भी कई गुना अधिक भुगतान किया गया। मोहल्ला क्लीनिक पिछली सरकार के भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा अड्डा था।

रेखा गुप्ता ने कहा, "पिछली सरकार द्वारा छोड़ी गई झाड़ू का इस्तेमाल अब हम उनके सभी भ्रष्टाचार को साफ करने के लिए कर रहे हैं। जहां भी सिस्टम में लीकेज थे, जहां भी भ्रष्टाचार के केंद्र थे, हम उन सभी मुद्दों, उन सभी नीतियों और उन सभी जगहों को पूरी तरह से साफ करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"

प्रवेश वर्मा ने बाबर रोड पर किया आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन

वहीं दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के बाबर रोड पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा आज दिल्ली में स्वास्थ्य क्रांति का दिवस है। दिल्ली के लिए 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सस्ती दवाओं के लिए 17 नए जनऔषधि केंद्र, सिर्फ 100 दिन में केंद्र सरकार की संकल्पशक्ति और दिल्ली की नई सरकार की कार्यशक्ति का परिणाम है।

महंगी जांचें भी फ्री, 200 से अधिक तरह की मिलेंगी दवा : आशीष सूद

दिल्ली सरकार द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के उद्घाटन पर मंत्री आशीष सूद ने कहा, "यह आज दिल्ली की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के इतिहास में एक क्रांतिकारी कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में और जेपी नड्डा के आशीर्वाद से, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली भर में योजनाबद्ध 1,100 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में से 33 का उद्घाटन किया। इन केंद्रों में एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल जैसी महंगी जांचें इन-हाउस की जाएंगी और 200 से अधिक प्रकार की दवाएं मुफ्त दी जाएंगी।"

सिरसा ने राजौरी गार्डन राजौरी गार्डन में किया उद्घाटन

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी आज राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र के चौखंडी में आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कई स्थानीय निवासी शामिल हुए। इस दौरान सिरसा ने कहा कि मैं दिल्ली और देश के लोगों को बधाई देता हूं। हमारे प्रधानमंत्री के विजन के कारण दिल्ली को जन आरोग्य मंदिर के रूप में एक नई सौगात मिली है।

तीन महीने में 1000 से ज्यादा आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे : कपिल मिश्रा

दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने भी खजूरी खास में एक आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, "पूरी दिल्ली में एक साथ 33 आरोग्य मंदिर खोले जा रहे हैं और अगले तीन महीनों में 1000 से ज्यादा आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में पांच और दिल्ली के हर वार्ड में दो आरोग्य मंदिर खोले जाएंगे। 24 नए अस्पताल पाइपलाइन में हैं, जिनमें से 12 इस साल खोले जाएंगे। आम आदमी पार्टी की सरकार में पिछले 10 सालों में दिल्ली में एक भी नया अस्पताल नहीं बना।"

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।