राष्ट्रपति भवन से जुड़े 32 साल पुराने एक मामले में सभी आरोपी बरी, कोर्ट ने की CBI की खिंचाई
अदालत ने मुकदमे में हुई अत्यधिक देरी पर भी टिप्पणी की। न्यायाधीश ने कहा कि अगर इस मामले में ट्रायल इतना लंबा न चला होता, तो शायद और भी सबूत सामने आ सकते थे, जिससे कोर्ट सच का पता लगाने की बेहतर स्थिति में होता।

दिल्ली की एक अदालत ने करीब 30 साल पुराने हेराफेरी के एक मामले में फैसला सुनाते हुए इसके तीन आरोपियों को बरी कर दिया है। वहीं ऐसे दो आरोपियों, सुनवाई के दौरान जिनकी मौत हो चुकी है, उनके खिलाफ भी कार्यवाही को खत्म कर दिया है। यह मामला सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों पर शुरू किया गया था, और इसके आरोपियों पर राष्ट्रपति भवन के सचिवालय के दस्तावेजों में हेराफेरी करने का आरोप था।
बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट के अनुसार इस केस का फैसला दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति माहेश्वरी ने सुनाया और तीनों आरोपियों मोहन लाल जटिया, अशोक जटिया और अशोक जैन को आपराधिक साजिश, सबूतों से छेड़छाड़ और जालसाजी सहित सभी आरोपों से बरी कर दिया। वहीं मामले के दो अन्य आरोपी जो कथित अपराध के समय राष्ट्रपति सचिवालय में कार्यरत थे और बीते सालों के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी, उनके खिलाफ भी चल रही कार्यवाही खत्म कर दिया। इन दोनों आरोपियों की पहचान मिलाप चंद जगोत्रा और गुरचरण सिंह के रूप में हुई है।
कोर्ट ने की CBI की खिंचाई
अदालत ने अपने फैसले में अभियोजन पक्ष (CBI) की दलीलों को कमजोर बताते हुए कहा कि मामला केवल अनुमानों पर आधारित था। उन्होंने कहा, 'जब सबूतों का पूरी तरह से मूल्यांकन किया गया, तो इस अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष का मामला कानूनी सबूतों के बजाय केवल अनुमानों और अटकलों पर आधारित है। दूसरी ओर, आरोपी पक्ष अभियोजन पक्ष के मामले में गंभीर कमियां निकालने में सफल रहा है।'
1986 में शुरू हुआ था यह पूरा मामला
यह मामला 1986 में उस वक्त सामने आया था, जब मोहनलाल जटिया को 'विदेशी मुद्रा संरक्षण और तस्करी निवारण अधिनियम' (COFEPOSA) के तहत हिरासत में लिया गया था। इसके बाद जब जटिया ने अपनी हिरासत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी और दावा किया कि अपनी रिहाई के लिए उन्होंने भारत के राष्ट्रपति को एक प्रतिवेदन सौंपा था, लेकिन उस पर कभी विचार नहीं किया गया।'
1994 में कोर्ट ने दिया मामला दर्ज करने का निर्देश
आरोपियों के इस दावे की प्रामाणिकता पर सुप्रीम कोर्ट को संदेह हुआ, और उन पर आधिकारिक रिकॉर्ड में छेड़छाड़ करते हुए फर्जी प्रविष्टियां करने और फर्जी सबूत गढ़ने का आरोप लगा। जिसके बाद इस शक को दूर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में सीबीआई को इस मामले में आपराधिक शिकायत दर्ज कर जांच करने का निर्देश दिया था।
CBI ने लगाया था फर्जी एंट्री करने का आरोप
अभियोजन पक्ष (CBI) ने अदालत में यह तर्क दिया कि राष्ट्रपति सचिवालय के 'डाक रजिस्टर' में एक विवादित प्रविष्टि को बाद में जानबूझकर जोड़ा गया था, ताकि यह झूठा दिखाया जा सके कि आरोपियों का प्रतिवेदन प्राप्त हो गया था। गवाहों ने गवाही दी कि वह प्रविष्टि अनियमित और संभवतः जाली प्रतीत होती थी, और इस दावे के समर्थन में फोरेंसिक रिपोर्ट भी पेश की गईं।
हालांकि, अदालत ने पाया कि अभियोजन पक्ष इन आरोपों को 'उचित संदेह से परे' साबित करने में विफल रहा। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि जीवित बचे किसी भी आरोपी को कथित जालसाजी या साजिश से सीधे तौर पर जोड़ने वाला कोई भी निर्णायक सबूत मौजूद नहीं है।
मुकदमे के 32 साल चलने पर भी टिप्पणी की
अदालत ने मुकदमे में हुई अत्यधिक देरी पर भी टिप्पणी की। न्यायाधीश ने कहा कि अगर इस मामले में ट्रायल इतना लंबा (32 साल) न चला होता, तो शायद और भी सबूत सामने आ सकते थे, जिससे कोर्ट सच का पता लगाने की बेहतर स्थिति में होता। अंत में कोर्ट ने कहा, 'जो भी हो, रिकॉर्ड पर मौजूद सबूतों की सावधानीपूर्वक जांच करने के बाद, अभियोजन पक्ष आरोपियों द्वारा कथित अपराध किए जाने की बात को, बिना किसी उचित संदेह के, साबित करने में नाकाम रहा है।' इसके साथ ही अदालत ने जीवित बचे तीनों आरोपियों को आरोपों से मुक्त कर दिया।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


