काम की बात: फरीदाबाद के पल्ला में बनेगा अस्पताल, जानें कितने होंगे बेड, किन इलाकों को मिलेगा लाभ

हिन्दुस्तान, फरीदाबाद
Follow us on Google News
share

फरीदाबादवासियों के लिए अच्छी खबर है। शहर के पल्ला इलाके में जल्द ही 30 बेड का नया अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल के बनने से आसपास के करीब दर्जनभर इलाकों के लोगों को इलाज कराने के लिए दूर-दराज नहीं जाना होगा।

Hospital Representative image
अस्पताल सांकेतिक तस्वीर

फरीदाबाद के पल्ला-सेहतपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। पल्ला-सेहतपुर में प्रस्तावित 30 बेड के अस्पताल के निर्माण का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। अस्पताल के निर्माण को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।

इसके साथ ही अग्निशमन विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से भी आवश्यक मंजूरी मिल चुकी है। अब अस्पताल तक एंबुलेंस और अन्य वाहनों की निर्बाध आवाजाही के लिए 20 मीटर चौड़े रास्ते का इंतजाम किया जाना है। रास्ते से संबंधित मामला नगर निगम सदन की बैठक में रखा जाएगा।

मनोहर लाल खट्टर ने 8 साल पहले की थी घोषणा

बता दें कि, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वर्ष 2018 में एक रैली के दौरान पल्ला-सेहतपुर में अस्पताल बनाने की घोषणा की थी। करीब 8 वर्ष बाद अब इस घोषणा को अमलीजामा पहनाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक मंजूरी के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग जल्दी टेंडर जारी करवाकर अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू कराएगा। प्रस्तावित अस्पताल का निर्माण करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। अस्पताल में 30 बेड की व्यवस्था होगी। पल्ला में चल रहे स्वास्थ्य केंद्र के स्थान पर अब 30 बिस्तर वाला अस्पताल बनाया जाएगा, जिससे इलाके के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिलेंगी।

गर्भवतियों को विशेष लाभ मिलेगा

अस्पताल शुरू होने के बाद क्षेत्र की गर्भवतियों को प्रसव और अन्य स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं के लिए बीके अस्पताल जाने की जरूरत काफी कम हो जाएगी। घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधा मिलने से गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को राहत मिलेगी। अस्पताल में ऑपरेशन की सुविधा होने से सामान्य एवं जरूरत के अनुसार सर्जिकल उपचार भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जा सकेगा। इसके अलावा नियमित रूप से ओपीडी, दवा, एक्सरे जांच सहित कई अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

रास्ते का मामला निगम की बैठक में रखा जाएगा

अस्पताल तक एंबुलेंस की आवाजाही के लिए 20 मीटर चौड़े रास्ते की आवश्यकता है। रास्ता पर्याप्त चौड़ा नहीं होने की स्थिति में आपातकालीन सेवाओं में परेशानी आ सकती है। इसी को देखते हुए रास्ते से जुड़े मामले को नगर निगम सदन की बैठक में रखा जाएगा।

इन क्षेत्रों को लाभ मिलेगा

30 बेड के इस अस्पताल का लाभ पल्ला और सेहतपुर के अलावा बसंतपुर, विनय नगर, इस्माइलपुर, सेक्टर-91, ग्यासी कोठी, अगवानपुर, रोशन नगर, धीरज नगर, दीपावली एंक्लेव, पंचशील, तिलपत सहित आसपास के कई अन्य क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा।

डॉ. एमपी सिंह, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी, ''अस्पताल के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है। इससे अस्पताल के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। निगम सदन की बैठक में रास्ते के प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही टेंडर जारी करके जल्द काम शुरू कराया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsNCR में बनेगा नया एक नया अस्पताल, जानें कितने होंगे बेड,किन इलाकों को मिलेगा लाभ