Hindi Newsएनसीआर News3 designs ready for elevated road on SPR road in Gurugram Southern Peripheral Road
SPR पर एलिवेटेड रोड के लिए 3 डिजाइन तैयार, द्वारका एक्सप्रेसवे-गुरुग्राम-सोहना हाईवे को मिलेगी रफ्तार

SPR पर एलिवेटेड रोड के लिए 3 डिजाइन तैयार, द्वारका एक्सप्रेसवे-गुरुग्राम-सोहना हाईवे को मिलेगी रफ्तार

संक्षेप:

सदर्न पेरिफेरियल रोड (एसपीआर) पर एलिवेटेड रोड बनाने के लिए कंसल्टेंट कंपनी ने तीन डिजाइन तैयार किए हैं। जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा के समक्ष इन्हें रखा गया है। जल्द फैसला लिया जाएगा कि किस डिजाइन के आधार पर एलिवेटेड रोड बनेगी।

May 24, 2025 02:10 pm ISTPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, गुरुग्राम। हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

सदर्न पेरिफेरियल रोड (एसपीआर) पर एलिवेटेड रोड बनाने के लिए कंसल्टेंट कंपनी ने तीन डिजाइन तैयार किए हैं। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ श्यामल मिश्रा के समक्ष इन्हें रखा गया है। जल्द फैसला लिया जाएगा कि किस डिजाइन के आधार पर एलिवेटेड रोड बनेगी।

द्वारका एक्सप्रेसवे को गुरुग्राम-सोहना हाईवे से एलिवेटेड रोड के माध्यम से जोड़ने के लिए जीएमडीए ने एक कंसल्टेंट कंपनी को डिजाइन तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। करीब 5 किलोमीटर लंबाई के एसपीआर पर एलिवेटेड रोड तैयार करने के लिए इस कंपनी ने तीन डिजाइन तैयार किए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, तीनों डिजाइन को जीएमडीए की इंजीनियरिंग सेल ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी के समक्ष रख दिया है। जल्द ही इनमें से एक डिजाइन को तय करने के बाद उसकी डीपीआर तैयार करवाई जाएगी। इसके बाद एलिवेटेड रोड का काम शुरू कराया जाएगा। एसपीआर, द्वारका एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे को जोड़ता है। मौजूदा समय में इस सड़क पर चार चौक चौराहे हैं, जहां पर सुबह और शाम के समय यातायात बेहद अधिक रहता है। द्वारका एक्सप्रेसवे को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए एसपीआर पर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना बनाई है।

प्रस्तावित डिजाइन

पहला डिजाइन: इसके तहत द्वारका एक्सप्रेसवे की तर्ज पर एसपीआर पर एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जाए। इसके मुताबिक द्वारका एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे को एलिवेटेड रोड के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इसमें आसपास लगते सेक्टर के निवासियों के लिए चौराहों को पार करने के लिए छोटे फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण पर 1200 करोड़ खर्चा आएगा।

दूसरा डिजाइन: दिल्ली-जयपुर हाईवे की तर्ज पर एलिवेटेड रोड का निर्माण हो। आसपास सेक्टर के लिए प्रवेश और निकासी की अच्छी व्यवस्था हो।

तीसरा डिजाइन: द्वारका एक्सप्रेसवे से लेकर गुरुग्राम-सोहना हाईवे तक एलिवेटेड रोड बनाया जाए। एलिवेटेड रोड के नीचे ट्रैफिक सिग्नल के माध्यम से चौराहों पर यातायात व्यवस्था की जाए।

क्या है एसपीआर

एसपीआर, द्वारका एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-सोहना हाईवे को जोड़ता है। मौजूदा समय में इस सड़क पर चार चौक-चौराहे हैं, जहां पर सुबह और शाम के समय यातायात बेहद अधिक रहता है। द्वारका एक्सप्रेसवे को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए एसपीआर पर एलिवेटिड रोड बनाने की योजना बनाई है।

अरुण धनखड़, चीफ इंजीनियर, जीएमडीए, ''सलाहकार कंपनी ने एसपीआर पर एलिवेटेड रोड के निर्माण के डिजाइन तैयार किए हैं। वाटिका चौक पर इंटरचेंज का निर्माण किया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
;;;