
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ बनकर मांगी थी 50 लाख की रंगदारी, 3 अरेस्ट; एक ने की लंदन से पढ़ाई
इन आरोपियों में एक ने लंदन स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स से मास्टर की पढ़ाई की हुई है। इन लोगों ने हाल ही में हिमांशु भाऊ बनकर व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। पकड़े गए आरोपियों का संबंध पहले भी एक व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले मामले में सामने आया है।
दिल्ली के एक ज्लेवरी व्यापारी से 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों में एक ने लंदन स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स से मास्टर की पढ़ाई की हुई है। इन लोगों ने हाल ही में हिमांशु भाऊ बनकर व्यापारी से रंगदारी मांगी थी। पकड़े गए आरोपियों का संबंध पहले भी एक व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले मामले में सामने आया है।

23 अगस्त को व्यापारी ने करोल बाग पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे फोन से धमकी मिली है कि अगर अगली सुबह 50 लाख रुपये नहीं दिए तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। व्यापारी के मुताबिक व्हाट्सऐप कॉल करने वाले ने खुद को हिमांशु भाऊ बताया था। इसके बाद एक बार फिर फोन आया। शिकायत में व्यापारी ने बताया कि अगली बार उसके ज्वेलरी स्टोर पर लैंडलाइन नंबर पर उसी नंबर से फोन आया, जिससे पहले धमकी दी गई थी। फोन करने वाले ने पैसे न देने पर उसी तरह की धमकियां दीं।
पुलिस ने छानबीन शुरू की तो सामने आया कि इस बार भी वही ग्रुप शामिल है, जिसने पहले सामने आए डीबीजी केस में धमकियां दी थीं। आरोपियों की पहचान सुमित, नितीश और प्रिंस के नाम से हुई है। तीनों पश्चिमी दिल्ली के निवासी हैं। इनमें से सुमित नामक आरोपी शिकायत करने वाले को पहले से जानता था। उसे पता था कि व्यापारी पैसे वाला है। इन आरोपियों में से नितीश ने लंदन स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स से सॉफ्टवेयर मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री हासिल की हुई है।
आपको बताते चलें कि पहले सामने आए डीबीजी रोड केस में इन्हीं लोगों ने हिमांशु भाऊ बनकर 2 करोड़ रुपये की डिमांड की थी। पैसे नहीं देने पर व्यापारी के बेटे की हत्या करने की धमकी दी थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने छानबीन में पाया कि फोन कॉल और भेजे गए क्यूआर कोड का संबंध थाइलैंड से था। इससे अंदाजा लगाया गया कि आरोपियों के लिंक इंटरनेशनली जुड़े हुए हैं।





