28 पुलिस बीट, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती और, CCTV ने नजर; गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के लिए क्या-क्या तैयारी

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

कांवड़ यात्रा अगले कुछ दिन में शुरू होने वाली है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए इस बार भी गाजियाबाद में बेहद चाक-चौबंद इंतजाम रहेंगे। इसमें पुलिस बीट-बूथ से लेकर कैमरों से निगरानी और 5 प्रमुख मंदिरों में सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाने जैसे इंतजाम किए जाएंगे।

Kanwar Yatra
हरिद्वार से कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर आते कांवड़िये

गाजियाबाद में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारी जोर-शोर से जारी है। उत्तर प्रदेश सरकार में पशुधन एवं दुग्ध विकास और जिले के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गाजियाबाद जनपद के पांच प्रमुख मंदिरों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट कांवड़ यात्रा का जिम्मा संभालेंगे। उन्होंने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए तैयारी पूरी कर लें। पुलिस विभाग को असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने बताया कि जनपद में पांच प्रमुख मंदिर हैं, जिनके लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। मजिस्ट्रेट इन मंदिरों में सुरक्षा से लेकर साफ-सफाई आदि की तैयारियों को दुरुस्त करने का कार्य करेंगे। साथ ही मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं पहले से पूरी कराएंगे।

प्लास्टिक पर रहेगा प्रतिबंध

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि यात्रा मार्ग और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास प्लास्टिक का इस्तेमाल न हो। नगर निकायों और अन्य संबंधित विभागों को साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में मेयर सुनीता दयाल, विधायक संजीव शर्मा, मोदीनगर विधायक मंजू सिवाच सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी

मंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें।

कांवड़ मार्ग पर जांच के लिए 14 टीम बनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ मार्ग पर कांवड़ियों को गुणवत्ता पूर्ण व स्वच्छ भोजन मिल सके इसकी जांच के लिए 14 टीमों का गठन किया है। इन टीमों को क्षेत्र बांटे गए हैं। यह टीम कांवड़ मार्ग व मार्ग के पास की आंतरिक गलियों में प्रतिष्ठानों पर जांच करेंगी। जांच के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों से नमूने लेने का भी कार्य करेंगी।

रोड पर बैरिकेडिंग भी की जाएगी

गाजियाबाद नगर निगम शहर की दस सड़कों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराएगा। इसके लिए टेंडर मंगाए हैं। अगले सप्ताह से सभी जगह कार्य शुरू होंगे। निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने बताया कि कांवड़ यात्रा पर नजर रखने के लिए कई जगह 193 अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे।

ट्रांस हिंडन जोन में कांवड़ मार्ग 28 बीट में बांटा

कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रांस हिंडन जोन को पुलिस ने 28 बीट में विभाजित किया है। हर बीट की जिम्मेदारी एक दरोगा पर होगी और उनके साथ अन्य दरोगा भी तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही कनावनी हिंडन रोड पर कांवड़ियों को सुरक्षा और सहायता के लिए नौ पुलिस बूथ बनाए जा रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर हर पांच सौ मीटर पर पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। जिससे जरूरत पड़ने पर थोड़ी-थोड़ी दूर पर ही कांवड़ यात्रियों की सहायता की जा सके। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए खोड़ा में करीब एक किलोमीटर का कांवड़ मार्ग है। जिसे एक बीट में रखा गया है। जबकि इंदिरापुरम से दिल्ली बार्डर तक कनावनी-हिंडन रोड, इंदिरापुरम और कौशांबी क्षेत्र के मार्ग को 27 बीट में बांटा गया है। प्रत्येक बीट की जिम्मेदारी एक दरोगा पर होगी और उसकी सहायता के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

नॉनवेज होटल बंद रहेंगे

कनावनी, छजारसी रोड पर नॉनवेज के होटल हैं। पुलिस ने होटल संचालकों के साथ बैठक कर सावन शुरू होने के बाद दुकनों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, रोड स्थित शराब ठेका संचालकों को कांवड़ यात्रा शुरू होने पर ठेकों को कपड़े से ढकने के निर्देश दिए हैं। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।

यहां बनेंगे पुलिस बूथ

एसीपी शालीमार गार्डन ने बताया कि कनावनी हिंडन रोड पर हिंडन बैराज, राधा स्वामी आश्रम, कनावनी कट, आईजीएल गैस सब-स्टेशन, 5-6 की पुलिया, 5-2 की पुलिया, खोड़ा इंदिरापुरम बार्डर, दिल्ली बार्डर व एक अन्य पुलिस बूथ बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर बूथ पर दो सिपाही तैनात रहेंगे।

कैमरों से निगरानी होगी

एसीपी ने बताया कि इंदिरापुरम से कौशांबी तक कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है। यह कैमरे 24 घंटे चालू रहेंगे। सभी कैमरे वाई-फाई से कनेक्ट रहेंगे। इनका कंट्रोल रूम वसुंधरा पुलिस चौकी पर बनाया जाएगा। यहां से फीड कलेक्ट्रेट पर भेजी जाएगी। इसके साथ फीड मेल पर भी ट्रांसफर की जाएगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर News28 पुलिस बीट, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती; कांवड़ यात्रा को क्या-क्या तैयारी