
गूगल मैप बताएगा कितनी रफ्तार में चलाएं गाड़ी, मैप पर दिखेगी NCR की 248 सड़कों की स्पीड लिमिट
संक्षेप: नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 248 सड़कों पर वाहनों की तय स्पीड लिमिट अब गूगल मैप पर नजर आएगी। इससे नियम तोड़ने वालों में कमी आएगी। इसके अलावा हादसे भी कम होंगे। इस योजना का शुभारंभ बुधवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नरेट ऑफिस में किया गया।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा की 248 सड़कों पर वाहनों की तय स्पीड लिमिट अब गूगल मैप पर नजर आएगी। इससे नियम तोड़ने वालों में कमी आएगी। इसके अलावा हादसे भी कम होंगे। इस योजना का शुभारंभ बुधवार को सेक्टर-108 स्थित पुलिस कमिश्नरेट ऑफिस में किया गया।

यातायात माह के मौके पर इसका योजना का शुभारंभ यूपी के डीजीपी राजीव कृष्णा ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से किया। इस परियोजना की शुरुआत पुलिस ने गूगल इंडिया एवं लेपटॉन सॉफ्टवेयर एक्सपोर्ट एंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम के साथ मिलकर की। डीजीपी राजीव कृष्णा ने कहा कि अब तक गूगल मैप पर लाइव लोकेश और वाहन की गति सीमा ही प्रदर्शित होती है। अब संबंधित सड़क की गति सीमा भी साथ में नजर आएगी। वाहन की गति अधिक होते ही चेतावनी के रूप में अलर्ट भी चालक को मिलेगा। इस साल सड़क हादसों में 50 प्रतिशत कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।
डीजीपी ने कहा कि जिले की सड़कों की वाहनों की गति सीमा को गूगल इको मैप सिस्टम में अपडेट करने का काम शुरू कर दिया गया है। जियो और डेटा एनालिसिस टीम ने पूरा डेटा एकत्रित किया है। अधिकारियों ने बताया कि गूगल मैप खोलने के बाद संबंधित स्थान की ओर जाने के लिए मैप सिलेक्ट करेंगे। यह शुरू होते ही संबंधित सड़क और वाहन की गति सीमा प्रदर्शित होनी शुरू हो जाएगी।
ऑडियो सिस्टम भी लगाएं : डीजीपी ने कंपनी से कहा कि इस योजना में दो सिस्टम और जोड़े जाएं। पहला, गुगल मैप पर वाहनों की गति सीमा लिखी होने के अलावा उसका ऑडियो भी आना चाहिए ताकि लोग सुन भी सकें। दूसरा, गूगल मैप लाइव लोकेशन होने की वजह से कौन-कौन चालक नियम तोड़ रहे हैं, इसका डेटा भी कंपनी पुलिस को मुहैया कराए।
रफ्तार अधिक होने से 53% हादसे
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि सड़क हादसों कह 53 प्रतिशत वजह वाहनों की गति सीमा अधिक होना सामने आया है। ऐसे में हादसों में कमी लाने के लिए यह सुविधा लोगों के लिए फायदेमंद साबित होगी। अधिकारियों ने बताया कि अगले चरण में सड़क हादसों के आधार पर तैयार हुए दुर्घटना संभावित स्थल यानी ब्लैकस्पॉट भी नजर आएंगे।





