गाजियाबाद में 200 पार्क नए सिरे से विकसित होंगे, नगर निगम कराएगा ये काम

Mar 04, 2026 07:15 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share Share
Follow Us on

गाजियाबाद शहर में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। गाजियाबाद नगर निगम शहर के 200 पार्क नए सिरे से विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उद्यान विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की है।  इससे लोगों को राहत मिलेगी।

गाजियाबाद में 200 पार्क नए सिरे से विकसित होंगे, नगर निगम कराएगा ये काम

गाजियाबाद शहर में रहने वालों के लिए अच्छी खबर है। गाजियाबाद नगर निगम शहर के 200 पार्क नए सिरे से विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उद्यान विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू की है। चारदीवारी की मरम्मत से लेकर पार्कों में घास और पौधे लगाए जाएंगे। इससे लोगों को राहत मिलेगी।

शहरी क्षेत्र में निगम के 1260 छोटे और बड़े पार्क हैं। इनमें से करीब 200 पार्क बदहाल स्थिति में हैं। पार्कों की मरम्मत के लिए पार्षद और स्थानीय लोग उद्यान विभाग से मांग कर रहे हैं। विभिन्न वार्डों में करीब 200 ऐसे पार्क हैं जिनकी मरम्मत की जरूरत है। उद्यान विभाग ने पिछले दिनों पार्षदों से प्रस्ताव मांगे थे। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और उद्यान विभाग के वरिष्ठ प्रभारी एनके चौधरी ने पार्कों में कार्य करने की मंजूरी दे दी है। कुछ पार्कों में कोटेशन से कार्य कराए जाएंगे तो कुछ के टेंडर निकाले गए हैं। टेंडर प्रक्रिया दो सप्ताह में पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद चारदिवारी की मरम्मत से लेकर घास और पौधे लगाने का काम शुरू हो जाएगा।

पार्क नए सिरे से तैयार कराए जाएंगे

उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह ने बताया कि पार्कों को नए सिरे से तैयार कराया जाएगा। लोगों के टहलने के लिए जहां पहले से फुटपाथ है उनकी मरम्मत कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि कुछ पार्कों की दीवारों की रंगाई पुताई भी कराई जाएगी।

प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराई जा रही

शहर के कई बड़ी पार्कों में प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। पार्कों में अंधेरा होने से दिन ढलने पर लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। शाम के समय अंधेरा होने से लोग पार्क में टहल नहीं पाते। इसके अलावा असामाजिक तत्व भी पार्कों में रात के समय बैठने लगते हैं। इनकी वजह से सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं और बच्चों को रहती है। ऐसे में निगम ने उन बड़े पार्कों में लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जहां लोगों की ज्यादा आवाजाही रहती है। प्रकाश व्यवस्था होने से लोगों को राहत मिलेगी।

पेड़ों की टहनियां काटने के निर्देश

उद्यान प्रभारी ने पार्कों की साफ-सफाई और पेड़ों की टहनियां काटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सुपरवाइजर और मालियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्धारित समय से पार्कों की सफाई का काम शुरू कराया जाए ताकि पार्कों में टहलने के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े। पेड़ों की टहनियां जो ज्यादा बड़ी हैं उन्हें काटने के निर्देश दिए। इसके अलावा उद्यान प्रभारी ने बताया शहर की हरित पट्टी भी व्यवस्थित कराई जा रही है। कई हरित पट्टी की मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।

डॉ. अनुज सिंह, उद्यान प्रभारी, नगर निगम, ''शहर के कई पार्कों में मरम्मत और घास लगाने का काम शुरू कराया जाएगा। इसकी प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। पार्कों में जल्दी मरम्मत कार्य शुरू होंगे।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें